दिल्ली ब्लास्ट के बाद भारत की जवाबी कार्रवाई के डर से पाक में बौखलाहट, ISI ने मसूद अजहर और हाफिज सईद को छिपाया: ‘ऑपरेशन सिंदूर 2.0’ के डर से हाई अलर्ट पर फौज

राजधानी दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार (10 नवंबर 2025) की शाम हुए धमाके के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। जाँच एजेंसियों को शक है कि इस हमले के पीछे आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) का हाथ हो सकता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है। पाक खुफिया एजेंसी ISI ने जैश के सरगना मौलाना मसूद अजहर और लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख हाफिज सईद को गुप्त स्थानों पर शिफ्ट कर दिया है।

बताया जा रहा है कि हाफिज सईद को एक सैन्य सेफ हाउस में रखा गया है, जबकि मसूद अजहर को बहावलपुर के पास किसी अज्ञात ठिकाने पर छिपाया गया है। यह कदम भारत की संभावित जवाबी कार्रवाई से दोनों को बचाने के लिए उठाया गया है।

इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूटान यात्रा के दौरान कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “इस हमले के जिम्मेदारों को बख्शा नहीं जाएगा।” सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान के सैन्य अधिकारी आशंकित हैं कि भारत ‘ऑपरेशन सिंदूर 2.0’ की तैयारी कर रहा है, इसी कारण वहाँ की फौज को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

भारतीय सुरक्षा एजेंसियाँ धमाके की अंतरराष्ट्रीय साजिश, फंडिंग और आतंकी नेटवर्क की कड़ियों की गहराई से जाँच कर रही हैं।