देश में सक्रिय आतंकी मॉड्यूल पर जाँच एजेंसिया लगातार नकेल कस रही है। दिल्ली आतंकी ब्लास्ट के बाद जाँच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। जम्मू-कश्मीर में आतंकी नेटवर्क के खिलाफ तीन दिन में 500 ठिकानों पर छापेमारी हो चुकी है। इनमें जमात-ए-इस्लामी (JeI) समेत अन्य प्रतिबंधित संगठन के ठिकाने शामिल हैं। वहीं जाँच एजेंसियों ने दिल्ली ब्लास्ट के आतंकी उमर नबी का पुलवामा स्थित घर भी IED से उड़ा दिया है।
पुलिस ने बताया कि कश्मीर घाटी के श्रीनगर, गांदरबल, बडगाम, बारामूला, बांदीपोरा, कुपवाड़ा, अनंतनाग, कुलगाम, पुलवामा और शोपियाँ समेत 10 जिलों में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की गई। इन जगहों से पुलिस ने 600 लोगों को हिरासत में लिया। इन लोगों से पूछताछ के आधार पर ही लगातार देशभर से आतंकियों की गिरफ्तारी की जा रही है।
वहीं खुफिया एजेंसियों के अनुसार, अब तक 8 आतंकियों ने कबूला है कि 06 दिसंबर 2025 को बाबरी मस्जिद ढहाने की बरसी के दिन दिल्ली समेत देशभर के कई इलाकों में धमाके करने की योजना थी। इसके लिए 32 गाड़ियों का इंतजाम किया गया था। इनमें से 4 गाड़ियाँ बरामद की जा चुकी हैं।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के लाल किला के पास 10 नवंबर 2025 को आतंकी धमाका हुआ था। इनमें 13 लोगों की मौत और 20 से अधिक लोग घायल हुए थे। इस धमाके में आतंकी उमर नबी का नाम सामने आया था, जिसकी कार से धमाका हुआ था। इसके अलावा जाँच एजेंसियाँ लश्कर-ए-तैयबा की आतंकी डॉ. शाहीना समेत फरीदाबाद, सहारनपुर, लखनऊ समेत अन्य शहरों से कई आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी आतंकी ‘व्हाइट कॉलर जिहाद’ में शामिल थे, जो मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टर के पद पर कार्यरत थे।

