‘बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया’: NDA की प्रचंड जीत पर बोले PM मोदी, विपक्ष पर हमला करते हुए कहा- कॉन्ग्रेस-RJD ने छठी मैया से नहीं माँगी माफी

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में NDA ने प्रचंड बहुमत से विजय प्राप्त की। इस ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय पहुँचे। यहाँ पीएम मोदी ने गमछा हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी का माला पहनाकर स्वागत किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की जनता का आभार व्यक्ति किया। पीएम मोदी ने कहा, “ये लोकतंत्र की जीत है। ये माताओ-बहनों की जीत है, जो लाल आतंकी से पीड़ित रहीं। अब बिहार में विकास होगा।” पीएम ने कहा कि कॉन्ग्रेस औऱ RJD ने छठी मैया का अपमान किया लेकिन कभी माफी नहीं माँगी। पीएम ने कहा कि सरकार छठ पूजा को UNESCO हेरिटेज लिस्ट में शामिल करने का प्रयास कर रही है। ताकि पूरी दुनिया इसके महत्व को समझ सके।

बिहार ने गर्दा उड़ा दिया है: PM मोदी

इस दौरान पीएम मोदी ने जय छठी मैया के नारे लगवाए। पीएम मोदी ने कहा, “बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया है। आज बिहार के घर-घर में मखाने की खीर बनाना पक्का कर दिया है। बीजेपी मुख्यालय में भी मखाने की खीर खिलाई गई है। हम तो जनता जनार्दन के सेवक हैं। हम अपने मेहनत से जनता का दिल खुश करते रहते हैं और हम तो जनता जनार्दन दिल चुराकर बैठे हुए हैं। और इसीलिए पूरे बिहार ने आज बता दिया है, फिर एक बार NDA सरकार।”

अब वापस नहीं आएगी कट्टा सरकार: PM मोदी

रिकॉर्ड मतदान पर पीएम मोदी ने कहा, “बिहार के चुनाव में मैं जंगलराज की बात करता था को RJD वालों को फर्क नहीं पड़ता था लेकिन कॉन्ग्रेस वालों को खूब चुभता था। मैं कहना चाहूँगा कि अब वापस नहीं आएगी कट्टा सरकार। बिहार के लोगों ने विकसित बिहार के लिए मतदान किया है।”

विपक्ष पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, “बिहार में जब जंगलराज था। तब सरेआम मतदान केंद्र पर हिंसा होती थी। मतपेटियाँ लूटी जाती थी। आज वही बिहार रिकॉर्ड मतदान कर रहा है। शांतिपूर्ण मतदान कर रहा है। हर किसी का मत दर्ज हुआ। हर किसी ने अपनी पसंद से मत दिया है। री-पोलिंग के आँकड़े भी इस बदलाव की गवाही देते हैं। पहले बिहार में कोई चुनाव ऐसा नहीं रहता था जहाँ री-पोल नहीं होता था। 2005 से पहले सैंकड़ों जगह पर री-पोलिंग हुई थी। 1995 से पहले 1500 से ज्यादा जगहों पर री-पोलिंग हुई थी।”

पहले नक्सल इलाकों में चुनाव कराना मुश्किल होता था: PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा, “ये वही बिहार है, जहाँ माओवादी आतंक हावी था। जहाँ पर नक्सल प्रभावित इलाकों में 3 बजे वोटिंग खत्म हो जाती थी। वहाँ मतदान कराना मुश्किल होता था। लेकिन इस बार चुनाव में बिना किसी डर के उत्साह और उमंग के साथ उत्सव की तरह वोट दिया है।”

रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग पर बोले PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “बिहार के लोगों ने समृद्ध बिहार के लिए मतदान किया है। मैंने चुनाव प्रचार के दौरान बिहार की जनता से रिकॉर्ड वोटिंग के लिए आग्रह किया था और बिहार के लोगों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। बिहार की जनता ने मेरा यह आग्रह भी माना।”

अब बिहार में सकारात्मक MY फॉर्मूला: PM मोदी

नरेंद्र मोदी ने कहा, “बिहार में तुष्टीकरण वाला MY फॉर्मूला बनाया था। आज इस जीत ने सकारात्मक MY फॉर्मूला दिया है। ये है महिला और यूथ। आज बिहार देश के उन राज्यों में है जहाँ सबसे ज्यादा युवाओं की संख्या है और इसमें हर धर्म- हर जाति के युवा हैं। उनकी इच्छा, उनकी आकांशा और उनके सपनों ने जंगलराज वालों के सांप्रादियक MY फॉर्मूले को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। मैं आज बिहार के युवाओं का विशेष रूप से अभिनंदन करता हूँ। महिलाओं, किसान, पशुपालकों, मछली पालकों को नमन करता हूँ। मैं NDA की पूरी टीम को बधाई देता हूँ।”

कॉन्ग्रेस मुस्लिम लीगी माओवादी पार्टी है: PM मोदी

कॉन्ग्रेस पर हमला बोलते हुए PM मोदी ने कहा, “कॉन्ग्रेस कभी evm पर सवाल, कभी चुनाव आयोग की गाली, कभी वोट चोरी का मनगढ़ंत आरोप लगाती है। जाति और धर्म के आधार पर देश को बाँटती है। कॉन्ग्रेस के पास देश के लिए कोई पॉजिटिव विजन नहीं है। सच्चाई ये है कि आज कॉन्ग्रेस मुस्लिम लीगी माओवादी कॉन्ग्रेस (MMC) बन गई है। औऱ कॉन्ग्रेस का पूरा एजेंडा अब इसी पर चलता है और इसीलिए अब कॉन्ग्रेस के भीतर भी एक अलग धड़ा पैदा हो रहा है।”

दुनिया का नया सामर्थ्य बनेगा बिहार: PM मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “आने वाले 5 साल में बिहार आगे बढ़ेगा। बिहार में नए उद्योग लगेंगे। बिहार के युवाओं को राज्य में ही रोजगार मिलने के लिए काम किए जाएँगे। बिहार में पर्यटन का विस्तार होगा। दुनिया को बिहार का नया सामर्थ्य दिखेगा। बिहार में तीर्थों का, आस्था के इतिहासों का, ऐतिहासिक धरोहरों का कायाकल्प होगा। बिहार में निवेश करने का ये सबसे सही समय है।”