चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस चुनाव में सत्तारूढ़ गठबंधन NDA की प्रचंड जीत के साथ वापसी हुई है और गठबंधन को 200 से अधिक सीटों पर जीत मिली है। इन चुनावों में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और उसे 89 सीटों पर जीत दर्ज हुई है। वहीं, दूसरे स्थान पर रही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) को 85 सीटें मिली हैं। गौरतलब है कि 243 सीटों वाली विधानसभा के लिए BJP-JDU दोनों 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ी हैं।
वहीं, विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) तीसरी बड़ी पार्टी के तौर पर सामने आई है और उसे 26 सीटें मिली हैं। राज्य में 28 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) को 19 सीटें मिली हैं। बिहार में अपनी खोई जमीन तलाशने में जुटी कॉन्ग्रेस की हालत और खराब हो गई है और वो दहाई का आँकड़ा भी नहीं छू पाई है। 60 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने वाली कॉन्ग्रेस को केवल 6 सीटें मिली हैं।
मुस्लिमों के बीच अपनी पैठ बनाने की कोशिश कर रही असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM को 5 सीटें मिली हैं। जीतन राम मांझी की पार्टी हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) को 5 सीटें मिली हैं। उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 4 सीटें मिली हैं। CPI (ML) (L) को 2, IIP, CPI (M) को एक-एक सीट मिली हैं। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी का इस चुनाव में खाता भी नहीं खुल पाया है।

