गुजरात ATS ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान समर्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े एक और संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी बिल्ला के रूप में हुई है, जिसकी तलाश पंजाब पुलिस लंबे समय से कर रही थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गुरप्रीत पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठनों से संपर्क बनाए हुए था और उस पर भारत में उनकी मदद करने के आरोप लगे हुए हैं। उस पर आरोप है कि वह सीमा पार से हथियार और डिटोनेटिंग ग्रेनेड भारत में तस्करी कर आतंकी गतिविधियों में शामिल संदिग्धों तक पहुँचाता था।
पंजाब पुलिस द्वारा हाल ही में पकड़े गए दो अन्य संदिग्धों से पूछताछ के दौरान उसका नाम सामने आने के बाद तुरंत गुजरात ATS को अलर्ट किया गया। इसके बाद ATS की टीम पंचमहल जिले के हलोल इलाके में पहुँची, जहाँ गुरप्रीत एक फैक्ट्री में मजदूर के रूप में काम कर रहा था। छानबीन के बाद उसे एक होटल से हिरासत में लिया गया।
गुजरात ATS ने अपनी प्रेस रिलीज में बताया कि पकड़े जाने के बाद गुरप्रीत ने ग्रेनेड हमले की साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद उसे पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा। पंजाब के गुरदारपुर में उसके खिलाफ पहले से ही मामला दर्ज हैं।

