उत्तर प्रदेश के मऊ में हिंदू युवक को प्रेम संबंध के बहाने असम ले जाकर एक मुस्लिम युवती ने न सिर्फ उसका जबरन खतना कराया, बल्कि धर्म परिवर्तन कराकर उससे निकाह कर लिया। इसके बाद पीड़ित युवक विशाल सिंह को प्रतिदिन नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया जाता था और प्रताड़ित करते हुए वीडियो बनाई जाती थी। एक दिन हिंदू युवक इस्लामी कट्टरपंथियों से जान बचाकर वापस मऊ पहुँचा, जहाँ उसने परिजनों को पूरी घटना बताई।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, साल 2022 में विशाल सिंह मऊ शहर के आज़मगढ़ मोड़ पर स्थित एक डेंटल क्लीनिक में काम करता था। वहीं उसकी मुलाकात अंबेडकर नगर जिले के मुरादपुर निवासी सुनैना परवीन से हुई। दोनों के बीच नजदीकियाँ बढ़ीं और संबंध प्रेम में बदल गया।
सुनैना विशाल को अपने नाना के घर असम लेकर चली गई। वहाँ सुनैना के रिश्तेदार राजू शेख, समीर शेख और मौलाना सलमान ने मिलकर कथित तौर पर जबरन खतना और धर्म परिवर्तन कराया। इसके बाद विशाल का सुनैना के साथ निकाह भी करा दिया गया और उसे प्रतिदिन मस्जिद में नमाज़ पढ़ने के लिए मजबूर किया गया।
विशाल का कहना है कि पूरी प्रक्रिया का वीडियो भी बनाया गया और उसके आधार पर उसे लगातार धमकाया जाता रहा। रोज़ की मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर वह किसी तरह असम से भागकर मऊ पहुँच गया। यहाँ उसने अपने परिजनों को वीडियो दिखाकर सारी सच्चाई बताई।
न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने सात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। जाँच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

