आंध्र प्रदेश में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 31 संदिग्ध नक्सली और उनके समर्थकों को गिरफ्तार किया है। यह अभियान टॉप कमांडर मदवी हिड़मा के एनकाउंटर के तुरंत बाद चलाया गया। राज्य की एंटी-टेरर यूनिट OCTOPUS ने विजयवाड़ा, कृष्णा और NTR जिलों में छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए 31 लोगों में से 9 नक्सली जनरल सेक्रेटरी देवूजी के पूर्व सुरक्षा गार्ड थे। बाकी दक्षिण बस्तर के अलग-अलग नक्सली दस्तों से जुड़े हैं, जो छत्तीसगढ़ में दबाव बढ़ने के कारण आंध्र प्रदेश में घुसकर छिपे हुए थे।
विजयवाड़ा के न्यू ऑटोनगर क्षेत्र में OCTOPUS कमांडोज ने चार मंजिला इमारत को घेरकर 21 नक्सलियों को पकड़ा, जो प्रवासी मजदूर बनकर रह रहे थे। कुछ आरोपित मौके से भाग निकले। अन्य 10 नक्सली अलग-अलग ठिकानों से गिरफ्तार किए गए। उनके पास से हथियार तो नहीं मिले, लेकिन डायरी और नोटबुक बरामद हुईं, जिनमें समर्थकों के संपर्क नंबर दर्ज थे।

