अल-फलाह यूनिवर्सिटी में हाउस अरेस्ट किए गए प्रोफेसर निसार उल हसन की बीवी-बेटी: 10 MBBS स्टूडेंट्स के मोबाइल फोन जब्त, कैंपस के बाहर जाने पर लगाई रोक

दिल्ली लाल किला ब्लास्ट की जाँच लगातार आगे बढ़ रही है और इसके दायरे में फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी भी आ गई है। जाँच एजेंसियों ने आतंकी मॉड्यूल से जुड़े आरोपों में यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डॉ निसार उल हसन की बीवी डॉ सुरइया और MBBS कर रही बेटी को कैंपस के भीतर ही हाउस अरेस्ट कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर उनकी कॉल डिटेल्स और डिजिटल डेटा की जाँच की जा रही है। इसके साथ ही, MBBS के 10 छात्रों को भी कैंपस से बाहर जाने पर रोक लगा दी गई है। जाँच एजेंसियाँ इन छात्रों से पूछताछ कर रही हैं, जिनमें से कुछ का दिल्ली ब्लास्ट के आरोपित डॉक्टर उमर नबी और डॉक्टर मुजम्मिल से संपर्क होने की बात सामने आई है।

हाल ही में पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया डॉ निसार पहले श्रीनगर के SMHS अस्पताल में असिस्टेंट प्रोफेसर था और सुरक्षा कारणों से 2023 में बर्खास्त किया गया था। डॉ निसार पर आरोप है कि वे लंबे समय से आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा था और ब्लास्ट से पहले कई आरोपितों के संपर्क में था।

मंगलवार (18 नवंबर 2025) सुबह ED ने भी यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े करीब 25 जगहों पर छापेमारी की। वार्ड बॉय समेत कई स्टाफ और छात्रों से पूछताछ जारी है। जाँच एजेंसियों का कहना है कि नेटवर्क और बड़ा हो सकता है, इसलिए जाँच और सख्त की जा रही है।