गुजरात के अहमदाबाद में साबरमती जेल में बंद आतंकवादी डॉ. अहमद सैयद पर बाकी कैदियों ने हमला कर दिया। अहमद को आँख में चोट लगी है। फिलहाल उसका सिविल अस्पताल में इलाज जारी है। बता दे कि डॉ. अहमद उन तीन ISIS आतंकियों में शामिल है, जिन्हें गुजरात ATS ने 09 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अहमद की जेल में बाकी तीन कैदियों से बहस हुई थी। इसी चक्कर में आपस में मारपीट हो गई। हमले की घटना के बाद ATS भी साबरमती जेल पहुँची। पुलिस ने आतंकी अहमद का बयान दर्ज करने के बाद हमलावर तीनों कैदियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है। बता दें कि अहमद को पिछले दिनों ही रिमांड खत्म होने के बाद जेल भेजा गया था।
उल्लेखनीय है कि 07 नवंबर 2025 को अहमदाबाद में हथियार खरीदने पहुँचा आतंकी अहमद सैयद को ATS ने पकड़ लिया था। साथ ही हथियार देने आए उत्तर प्रदेश दो आतंकी सुहैल और आजाद को भी गुजरात के पालनपुर से गिरफ्तार किया गया था। ये तीनों आतंकी मिलकर रिसिन (Ricin) नाम का जहरीला केमिकल तैयार कर रहे थे, जिसे देशभर के मंदिरों और स्कूलों में प्रसाद के तौर पर दिए जाने की प्लानिंग थी।

