भारतीय समुद्री सीमा में घुसी बांग्लादेशी फिशिंग बोट पकड़ी, 28 मछुआरों सहित नाव जब्त: कोस्ट गार्ड की बड़ी कार्रवाई, एक हफ्ते में चौथी नाव

उत्तरी बंगाल की खाड़ी में नियमित गश्त के दौरान भारतीय तटरक्षक बल ने गुरुवार (20 नवंबर 2025) को भारत के विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) में अवैध रूप से मछली पकड़ रही एक बांग्लादेशी नाव को पकड़ लिया।

तटरक्षक जहाज ने पहले भारतीय जलसीमा के भीतर एक संदिग्ध नाव को तेज गति से दिशा बदलते हुए देखा, जो पकड़ से बचने की कोशिश कर रही थी। तत्परता दिखाते हुए कोस्ट गार्ड ने नाव को रोका और जाँच के लिए बोर्डिंग टीम भेजी।

जाँच में सामने आया कि यह बांग्लादेशी फिशिंग बोट थी और उसके 28 क्रू मेंबर्स के पास भारतीय EEZ में मछली पकड़ने की कोई अनुमति नहीं थी। नाव से बरामद जाल, बर्फ के बॉक्स और ताज़ी पकड़ी मछलियाँ इस बात का स्पष्ट सबूत थे कि वे सक्रिय रूप से भारतीय समुद्री संसाधनों का दोहन कर रहे थे।

यह कार्रवाई विदेशी जहाजों द्वारा मछली पकड़ने का विनियमन अधिनियम, 1981 के तहत की गई, जिसके अनुसार बिना लाइसेंस भारतीय जलक्षेत्र में मछली पकड़ना गंभीर अपराध है।

कोस्ट गार्ड ने नाव को नियंत्रित करते हुए उसे नामखाना फिशिंग हार्बर तक स्कॉर्ट किया, जहाँ सभी 28 मछुआरों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए मरीन पुलिस को सौंप दिया गया। यह घटना पिछले एक सप्ताह में पकड़ी गई चौथी बांग्लादेशी नाव है, जो क्षेत्र में बढ़ते अवैध मछली पकड़ने के मामलों को दर्शाती है।