पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में रविवार (30 नवंबर 2025) देर रात फ्रंटियर कॉर्प्स (FC) के हेडक्वार्टर पर बड़ा आत्मघाती हमला हुआ। इस हमले की जिम्मेदारी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली है। BLA की एक महिला सुसाइड बॉम्बर जरीना रफीक ने नोककुंडी स्थित FC हेडक्वार्टर के मेन गेट पर खुद को उड़ा लिया।
धमाका इतना जोरदार था कि गेट टूट गया। इसके बाद 6 हथियारबंद लड़ाके अंदर घुस आए। सुरक्षा बलों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। भारी गोलीबारी में तीन से छह हमलावर मारे गए।
कई जगहों पर हुए लगातार धमाके
इसी दौरान, पंजगुर जिले के गुरमाकन इलाके में भी एक FC चेकपोस्ट पर हमला हुआ। FC के प्रवक्ता ने इन दोनों हमलों के लिए BLA को जिम्मेदार ठहराया है। इससे कुछ घंटे पहले, क्वेटा और डेरा मुराद जमाली में एक दिन में लगातार 7 धमाके हुए थे। पुलिस चेकपोस्ट और गश्ती गाड़ियों को ग्रेनेड व IED से निशाना बनाया गया। इन धमाकों में किसी की मौत नहीं हुई, लेकिन दो गार्ड जख्मी हुए।
पाकिस्तान के डिप्टी पीएम इशाक डार के मुताबिक, बीते 4 साल में 4,000 पाकिस्तानी फौजी मारे गए हैं। ‘ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2025’ में पाकिस्तान बुर्किना फासो के बाद दुनिया का दूसरा सबसे आतंक प्रभावित देश बन गया है। TTP और BLA के हमलों में भारी वृद्धि हुई है।

