कांतारा फिल्म का मजाक उड़ाना रणवीर सिंह को पड़ा भारी, नेटिजन्स ने किया ट्रोल: IFFI में उतारी नकल, बाद में माँगी माफी

रणवीर सिंह ने हाल ही में IFFI (इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया) में कांतारा: चैप्टर-1 की एक झलक की नकल की। इसके बाद विवाद खड़ा हो गया। नेटिजनंस के ट्रोल करने के बाद रणवीर ने सार्वजनिक रूप से माफी माँगी। उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी का मजाक उड़ाने का नहीं बल्कि श्रद्धांजलि देने का था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, IFFI 2025 के समापन समारोह में रणवीर सिंह ने ऋषभ शेट्टी की फिल्म कांतारा के एक सीन की नकल की। रणवीर ने देवी को ‘भूत’ कहकर संबोधित किया। उन्होंने इसे मजाकिया लहजे में पेश किया और दर्शकों से कहा कि क्या वे उन्हें कांतारा 3 में देखना चाहेंगे।

उस समय ऋषभ शेट्टी भी मंच पर मौजूद थे और हँसते हुए प्रतिक्रिया दे रहे थे। लेकिन जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, कई दर्शकों और प्रशंसकों ने इसे असम्मानजनक बताया और उन्हें ट्रोल करने लगे।

विवाद बढ़ने के बाद रणवीर सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी किया। उन्होंने लिखा कि उनका उद्देश्य केवल ऋषभ शेट्टी के अद्भुत अभिनय को उजागर करना था। उन्होंने कहा कि एक अभिनेता होने के नाते वे जानते हैं कि उस दृश्य को निभाना कितना कठिन था और उनकी नकल श्रद्धांजलि के रूप में थी। रणवीर ने यह भी जोड़ा कि अगर किसी को उनकी प्रस्तुति से ठेस पहुँची है तो वे दिल से माफी माँगते हैं।