बीच सड़क पर प्रेमी से करवाई पति की हत्या, शोक जताने फ्लाइट से पहुँची ससुराल: पुलिस ने 5 दिन में 3 को किया गिरफ्तार, राजस्थान के नागौर का मामला

राजस्थान के नागौर जिले के डिडवाना कुचामन क्षेत्र में एक हफ्ते पहले एक युवक की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। बोरावड़ रोड पर 24 वर्षीय सुरेश दादरवाल का शव सड़क किनारे मिला था। शुरुआत में इसे सड़क हादसा माना गया और मृतक के पिता की रिपोर्ट पर हादसे के रूप में पुलिस ने इसे दर्ज किया था।

पोस्टमार्टम में उजागर हुआ हत्या का शक

हालाँकि, सुरेश के गले और पीठ पर गहरे घाव देखकर पुलिस को शक हुआ कि ये चोटें किसी एक्सीडेंट की नहीं बल्कि किसी धारदार हथियार से मारने जैसी हैं। पुलिस ने बाद में मामले को हादसे की बजाय हत्या की दिशा में जाँचना शुरू किया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह साफ हो गया कि सुरेश की मौत हथियारों से किए गए हमले के कारण हुई है। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जाँच तेज की और कुछ ही दिनों में इस ब्लाइंड मर्डर की सच्चाई सामने आ गई।

पत्नी और प्रेमी की प्रेम कहानी बनी मौत की वजह

जाँच में पता चला कि सुरेश की हत्या उसकी ही पत्नी रेखा ने अपने प्रेमी राजूराम और उसके साथी जीवन राम के साथ मिलकर करवाई थी। रेखा कुछ साल पहले कुचामन सिटी में कोचिंग करती थी, तभी उसकी मुलाकात राजूराम से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। हत्या से कुछ दिन पहले रेखा अपने पिता के पास महाराष्ट्र चली गई ताकि उससे किसी को शक न हो।

सड़क पर रोका, हेलमेट उतरते ही किया हमला

29 नवंबर 2025 की शाम को सुरेश खेत से घर लौट रहा था। उसी रास्ते पर राजूराम और जीवन राम चोरी की मोटरसाइकिल लेकर मौजूद थे। जैसे ही सुरेश वहाँ पहुँचा, दोनों ने उसे बाइक खराब होने का बहाना बनाकर रोका और चाकू से उसके गले और पीठ पर हमला कर दिया।

यह पूरी साजिश वाई-फाई कॉल पर की गई थी ताकि कॉल रिकॉर्ड न मिल सके। हत्या के बाद रेखा फ्लाइट से ससुराल आई और पति की मौत पर रोने का नाटक भी किया।

पुलिस के अनुसार, परिवार के शक के आधार पर मेडिकल बोर्ड से विस्तृत पोस्टमॉर्टम कराया गया। कई टीमों को जाँच में लगाया गया और सिर्फ पाँच दिन में इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर दिया गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी रेखा, उसके प्रेमी राजूराम और तीसरे आरोपित जीवन राम को गिरफ्तार कर लिया है।