‘अल वली’ नाव में बैठकर बिना इजाजत भारत में घुसे 11 पाकिस्तानी मछुआरे: गुजरात के कच्छ में कोस्ट गार्ड ने हिरासत में लिया, पूछताछ जारी

गुजरात के कच्छ जिले के जाखाऊ समुद्री क्षेत्र में भारतीय तटरक्षक बल ने बड़ा एक्शन लेते हुए 11 पाकिस्तानी मछुआरों को गिरफ्तार किया। ये मछुआरे बिना किसी इजाजत के भारतीय समुद्री सीमा में घुस आए थे। इंडियन कोस्ट गार्ड को संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया और ‘अल वली’ नाम की पाकिस्तानी नाव को समुद्र में ही रोक दिया गया।

इसके बाद तटरक्षक बल की टीम मछुआरों को किनारे लाने की प्रक्रिया में जुटी और उन्हें पकड़कर जखाऊ पोर्ट लाया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुरुआती तलाशी में अब तक मछुआरों के पास कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन नाव की पूरी तरह जाँच जारी है। साथ ही सभी पकड़े गए मछुआरों से पूछताछ भी की जा रही है। पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय पुलिस ने भी आगे की जाँच अपने हाथ में ले ली है।