‘अगर आपके पास गर्भाशय है, तो आप एक महिला हैं’: एलन मस्क ने समझाई महिला होने की परिभाषा, सोशल मीडिया पर लोगों ने मेडिकल कंडीशन का हवाला देकर की बहस

एक बार फिर टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क विवादों में हैं। कारण है सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उनका एक पोस्ट। एक्स के मालिक मस्क ने पोस्ट में महिला होने की परिभाषा को लेकर अपनी राय रखी, जिस पर सोशल मीडिया पर तेज बहस शुरू हो गई।

एलन मस्क ने एक्स पर पोस्ट में छोटे लेकिन साफ शब्दों में कहा कि महिला होना पहचान का नहीं, बल्कि बायोलॉजिकल तथ्य का मामला है। उन्होंने लिखा, “अगर आपके पास गर्भाशय है, तो आप महिला हैं। अगर नहीं है, तो आप नहीं हैं।”

यह पोस्ट कुछ ही घंटों में इंटरनेट पर वायरल हो गई। कई लोगों ने मस्क का समर्थन किया और कहा कि आज के समय में बुनियादी जैविक सच्चाइयों को भी दोहराने की जरूरत पड़ रही है। एक यूजर ने लिखा कि यह हैरानी की बात है कि खुद-ब-खुद समझ में आने वाले तथ्यों पर भी बहस हो रही है।

मस्क ने इस बात से सहमति जताते हुए उस टिप्पणी को समर्थन दिया। समर्थकों का कहना था कि इस बयान पर हो रही नाराजगी यह दिखाती है कि जेंडर पर होने वाली चर्चा अब विज्ञान से दूर जा रही है।

एलन मस्क के पोस्ट की आलोचना

इस पोस्ट पर कुछ आलोचकों ने मस्क के इस कथन को चुनौती दी और कुछ मेडिकल कंडीशन का हवाला दिया, जो इस तरह की परिभाषाओं को जटिल बना देती हैं। उन्होंने ऐसे मेडिकल मामलों का ज़िक्र किया, जिनमें महिला होने की जैविक परिभाषा जटिल हो जाती है।

कुछ लोगों ने MRKH सिंड्रोम का उदाहरण दिया, जिसमें कुछ महिलाएँ जन्म से गर्भाशय के बिना या अधूरे गर्भाशय के साथ पैदा होती हैं। उनका तर्क था कि मस्क का बयान इन जैविक विविधताओं को नजरअंदाज करता है।

इसके जवाब में मस्क के समर्थकों ने कहा कि इतनी बुनियादी जीवविज्ञान पर भी तीखी बहस होना ही इस दौर की सच्चाई को दिखाता है। एक यूजर ने कहा कि यह बहस इस बात का संकेत है कि अब समाज में मूलभूत अवधारणाओं पर भी सार्वजनिक रूप से सवाल उठाए जा रहे हैं।

यह विवाद ऐसे समय पर सामने आया है जब मस्क जेंडर आइडियोलॉजी के खुलकर आलोचक बनते जा रहे हैं। एक दिन पहले ही उन्होंने अपनी ट्रांसजेंडर बेटी के ट्रांजिशन को ‘दुखद मानसिक बीमारी’ बताया था। यह टिप्पणी उन्होंने एक डेमोक्रेट नेता के राजनीतिक तंज के जवाब में की थी, जिस पर पहले से ही काफी आलोचना हो चुकी थी।

कैलिफोर्निया के गवर्नर ने कसा तंज

मामला तब और बढ़ गया जब कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने एक पॉडकास्ट में कहा कि वे और ज्यादा ट्रांस बच्चों को देखना चाहते हैं और खुद को ट्रांस समर्थक नीतियों और LGBTQ अधिकारों का मजबूत समर्थक बताया। बाद में न्यूसम के ऑफिस ने उसी इंटरव्यू का एक क्लिप पोस्ट करते हुए मस्क पर तंज कसा और लिखा, “हमें अफसोस है कि आपकी बेटी आपसे नफरत करती है, एलन।”

इन सभी बयानों और प्रतिक्रियाओं ने मिलकर यह मुद्दा सिर्फ एक सोशल मीडिया पोस्ट तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे राजनीति, जेंडर पहचान, जीवविज्ञान और अभिव्यक्ति की आजादी से जुड़ा एक बड़ा विवाद बना दिया है।