बिहार के गोपालगंज जिले स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ थावे दुर्गा मंदिर में 17 दिसंबर 2025 की रात हुए करोड़ों रुपए के आभूषण चोरी कांड में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपित इजमामुल आलम को पकड़ लिया है। शनिवार (27 दिसंबर 2025) की सुबह जगमलवा गाँव के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपित इजमामुल आलम पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि इजमामुल आलम अपने साथियों के साथ इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की लेकिन खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में इजमामुल आलम के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, उनकी तलाश पुलिस कर रही है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदगंज थाना क्षेत्र के राजेपुर गाँव निवासी इजमामुल आलम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से थावे मंदिर से चोरी किए गए सोने के मुकुट के टुकड़े भी बरामद किए हैं। इन्हें जाँच के लिए अहम सबूत के तौर पर देखा जा रहा है।
घायल आरोपित को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर वहाँ से पटना रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपित दीपक राय पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस बाकी आरोपितों की तलाश कर रही है।

