पश्चिम बंगाल में शेख शाहजहाँ के समर्थकों ने पुलिस टीम पर किया हमला, 6 पुलिसकर्मी घायल: 11 TMC कार्यकर्ता गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में शनिवार (3 जनवरी 2026) को तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) कार्यकर्ता मूसा मोल्ला को गिरफ्तार करने पहुँची पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया। इस हमले में छह पुलिसकर्मी घायल हो गए जबकि पुलिस वाहन को भी गंभीर नुकसान पहुँचा है।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमले के मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट्स में गिरफ्तार किए गए सभी आरोपितों को TMC कार्यकर्ता बताया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि वे जेल में बंद संदेशखाली कांड के मुख्य आरोपित और TMC के नेता शाहजहाँ शेख के करीबी हैं।

पुलिस पर हुए हमले के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास के थानों से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी संदेशखाली में हिंसा की घटनाएँ सामने आ चुकी हैं। करीब दो साल पहले राशन वितरण घोटाले की जाँच के दौरान जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम शाहजहाँ शेख के आवास पर छापेमारी करने पहुँची थी, तब उनके समर्थकों ने ED अधिकारियों पर हमला कर दिया था, जिसमें कई अधिकारी घायल हुए थे।