अमेरिका की डेल्टा फोर्स ने बेडरूम में घुसकर वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो को पकड़ा, जानें कितनी खतरनाक है यह यूनिट: कैसे इस एलीट फोर्स में होता है चयन

अमेरिका ने हाल ही में एक गोपनीय सैन्य अभियान के तहत वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया है। इस ऑपरेशन के दौरान राजधानी कराकास समेत कई इलाकों में जोरदार धमाके किए, जिससे साफ हुआ कि अमेरिकी सेना ने रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मादुरो और उनकी पत्नी को अमेरिकी सैनिकों ने रात में बेडरूम से घसीटकर बाहर निकाला और अपने साथ अमेरिका ले गए। इस ऑपरेशन को डेल्टा फोर्स ने अंजाम दिया है।

कितनी खतरनाक है अमेरिकी डेल्टा फोर्स?

वेनेजुएला में हाई-रिस्क मिशन को अंजाम देने वाली यूनिट थी डेल्टा फोर्स, जिसे अमेरिकी सेना की सबसे एलीट और गोपनीय स्पेशल फोर्स माना जाता है। डेल्टा फोर्स का मुख्यालय फोर्ट ब्रैग, नॉर्थ कैरोलिना में है। यह यूनिट अमेरिकी सेना के स्पेशल ऑपरेशंस कमांड के तहत काम करती है और सीधे जॉइंट स्पेशल ऑपरेशंस कमांड (JSOC) को रिपोर्ट करती है। इस खतरनाक यूनिट का इस्तेमाल हिंसा वाले इलाकों में दौरे के दौरान सीनियर अमेरिकी नेताओं की सुरक्षा के लिए भी किया जाता रहा है।

डेल्टा फोर्स को आधिकारिक तौर पर 1st Special Forces Operational Detachment–Delta (1st SFOD-D) कहा जाता है। इसकी संरचना ब्रिटेन की SAS से प्रेरित है। अपनी अत्यधिक गोपनीयता के कारण इसे Combat Applications Group (CAG) जैसे नामों से भी जाना जाता है। 1977 में कर्नल चार्ल्स बेकविथ ने यह यूनिट बनाई थी। कर्नल चार्ल्स ने 1970 के दशक की शुरुआत में ब्रिटिश स्पेशल एयर सर्विस (SAS) के साथ काम किया था और वहीं से उन्हें ऐसी यूनिट बनाने का आइडिया मिला था।

इस खास यूनिट के लिए यूँ तो पूरी अमेरिकी सेना से भर्ती की जाती है लेकिन इसमें अधिकतर सैनिक रेंजर रेजिमेंट और US आर्मी स्पेशल फोर्सेस से आते हैं। इस यूनिट का हिस्सा बनने के लिए जरूरी है कि कोई शख्स पहेल से ही अमेरिकी सेना में अपनी सेवाएँ दे रहा हो। साथ ही, इसमें जाने वाले सैनिक की सर्विस कॉन्ट्रैक्ट में कम से कम ढाई साल बाकी होने जरूरी हैं।

डेल्टा फोर्स का मुख्य काम आतंकवाद विरोधी अभियान, बंधक बचाव, हाई-वैल्यू टारगेट की गिरफ्तारी या सफाया और विशेष खुफिया मिशन होते हैं। इसके जवान क्लोज-क्वार्टर कॉम्बैट, स्नाइपिंग, विस्फोटक, और गुप्त एंट्री तकनीकों में माहिर होते हैं। यह यूनिट हवाई जहाज, जहाज, ट्रेन और शहरी इलाकों में किसी भी परिस्थिति में ऑपरेशन करने में सक्षम है।

डेल्टा फोर्स ने इससे पहले सोमालिया, इराक, ग्रेनेडा और ISIS प्रमुख अबू बक्र अल-बगदादी के खिलाफ जैसे कई चर्चित ऑपरेशनों में अहम भूमिका निभाई है। वेनेजुएला में किया गया यह ऑपरेशन इसी यूनिट की क्षमताओं और वैश्विक राजनीति में अमेरिका की सख्त रणनीति को दर्शाता है।