‘भारत आकर खेलो या पाइंट गँवाओ’: T20 विश्व कप को लेकर ICC की बांग्लादेश को दो टूक, कहा- सुरक्षा को कोई खतरा नहीं

आगामी टी20 वर्ल्ड कप को लेकर BCCI और भारत पर दबाव बनाने की बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की रणनीति पूरी तरह नाकाम होती दिख रही है। ICC ने BCB को दो कूट भारत में आकर मैच खेलने को कह दिया है। BCB ने माँग की थी कि आगामी विश्व कप के उसके भारत में होने वाले मैचों को भारत से शिफ्ट कर श्रीलंका कर दिया जाए और उसने इसके लिए सुरक्षा कारणों का रोना रोया था।

ईएसपीएनक्रिकइन्फो (ESPNcricinfo) की रिपोर्ट के मुताबिक, ICC ने साफ शब्दों में BCB को कह दिया है कि सुरक्षा कारणों का हवाला देकर बांग्लादेश के मैच भारत से बाहर कराने की कोई गुंजाइश नहीं है। ICC ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि बांग्लादेश को भारत आकर ही टी20 वर्ल्ड कप खेलना होगा वरना उसे अंक गँवाने पड़ सकते हैं। हालाँकि, BCB अब भी बचाव की मुद्रा में है और दावा कर रहा है कि उसे ऐसा कोई ‘अल्टीमेटम’ नहीं दिया गया।

दिलचस्प बात यह है कि इस बैठक के बाद न तो BCCI और न ही BCB की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। BCB ने रविवार को ICC को पत्र लिखकर ‘विचार करने’ का अनुरोध किया था लेकिन ICC ने इस दबाव को गंभीरता से लेने से इनकार कर दिया।

क्रिकबज की एक रिपोर्ट में भी ऐसा ही दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार (6 जनवरी) को ICC अधिकारियों और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के पदाधिकारियों के बीच हुई ऑनलाइन बैठक में बांग्लादेश टीम की सुरक्षा को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान BCB को बताया गया कि ICC के पास ऐसा कोई सुरक्षा आकलन नहीं है जिससे यह संकेत मिले कि भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को किसी तरह का खतरा है।

यह विवाद टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक एक महीने पहले सामने आया है। 20 टीमों का यह टूर्नामेंट 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में शुरू होगा और 8 मार्च को समाप्त होगा। ग्रुप C में शामिल बांग्लादेश अपने पहले तीन मैच कोलकाता में खेलेगा और आखिरी मैच मुंबई में होगा।

पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब BCCI ने कोलकाता नाइट राइडर्स को निर्देश देकर मुस्ताफिजुर रहमान को IPL से रिलीज करवाया था। बांग्लादेश इसे मुद्दा बनाकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोना रो रहा है लेकिन ICC ने साफ कर दिया है कि उसका भारत विरोधी नैरेटिव चलने वाला नहीं है।