ED रेड में पहुँचकर छीने डॉक्यूमेंट्स, अमित शाह को कहा ‘नॉटी होम मिनिस्टर’: ममता बनर्जी ने अब बढ़ाया ड्रामे का लेवल, कोलकाता में निकालेंगी विरोध रैली

कोलकाता में ईडी की रेड के दौरान गुरुवार (8 जनवरी 2026) को हुए हाई-वोल्टेज ड्रामे के एक दिन बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शुक्रवार (9 जनवरी 2026) को विरोध रैली निकाल रही हैं।

ममता बनर्जी की यह रैली जादवपुर 8B बस स्टैंड से हाजरा क्रॉसिंग तक होगी, जो करीब 5 किलोमीटर लंबी है। ममता ने लोगों से इसमें बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

बता दें कि गुरुवार को ईडी ने TMC की चुनावी रणनीति बनाने वाली कंपनी I-PAC के ऑफिस और उसके प्रमुख प्रतीक जैन के घर पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई कोयला तस्करी घोटाले से जुड़ी मनी लॉन्डरिंग जांच का हिस्सा थी। इसी दौरान ममता बनर्जी अचानक प्रतीक जैन के घर पहुँच गईं और वहाँ मौजूद मीडिया और लोगों के बीच से गुजरते हुए अंदर प्रवेश कर गईं।

ईडी का आरोप है कि ममता बनर्जी प्रतीक के घर में घुसकर अहम सबूत अपने साथ ले गई, जबकि ममता का दावा है कि ईडी उनकी पार्टी के महत्वपूर्ण दस्तावेज, हार्ड डिस्क और वित्तीय-पॉलिटिकल पेपर जब्त कर रही थी, जिन्हें उन्होंने वापस लिया। ममता ने कहा, “अगर वे हम पर SIR के नाम पर हमला करें, मेरे खिलाफ झूठा केस बनाएँ या हमारे दस्तावेज चुराने की कोशिश करें तो क्या मैं इसका विरोध न करूँ?”

मीडियाकर्मियों से बात करते हुए गुस्साई ममता ने कहा, “हमारे IT चीफ के घर पर छापा मारा। वे हमारी पार्टी के दस्तावेज और हार्ड डिस्क जब्त कर रहे थे, जिसमें विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों की पूरी जानकारी थी। मैं उन्हें वापस लेकर आई हूँ।” उन्होंने आगे कहा, “ईडी ने सब कुछ चुरा लिया। सारा डेटा और SIR की लिस्ट भी। “

केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए ममता ने गृह मंत्री अमित शाह को ‘नॉटी’ कहा। उन्होंने पूछा, “क्या यही सबसे नॉटी होम मिनिस्टर का तरीका है जो देश की रक्षा नहीं कर सकता और चुनाव से पहले एजेंसियाँ भेजकर परेशान करता है?” ममता ने प्रधानमंत्री मोदी से अपील की कि वे अपने गृह मंत्री को काबू में करें और TMC को लोकतांत्रिक तरीके से हराएँ।

ममता ने चेतावनी दी, “एजेंसियों से हमारे पेपर, रणनीति, वोटर डेटा और बंगाल लूटने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसा करके जितनी सीटें मिलने वाली थीं, वे जीरो हो जाएँगी।”

स्थानीय चैनलों के वीडियो में लोग फाइलें लेकर भागते दिखे और ममता खुद हरे रंग के फोल्डर में दस्तावेज पकड़े मीडिया से बात करती नजर आईं।