KGMU धर्मांतरण केस में फरार चल रहा डॉक्टर रमीज मलिक गिरफ्तार, UP पुलिस ने लखनऊ में दबोचा: यौन शोषण का केस दर्ज होने के बाद हुआ था गायब, ₹50 हजार का था इनाम

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के KGMU अस्पताल में धर्मांतरण का जाल बिछाने वाले मुख्य आरोपित डॉ रमीज को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी के बीच डॉ रमीज शुक्रवार (9 जनवरी 2026) को कोर्ट में सरेंडर करने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पहले ही दबोच लिया। आरोपित डॉक्टर पिछले दो हफ्ते से ज्यादा समय से फरार चल रहा था और उस पर पुलिस ने इनाम भी घोषित कर रखा था।

जानकारी के अनुसार, पूरा मामला KGMU में मरीजों और लोगों के धर्मांतरण से जुड़ा है, जिसका खुलासा होने के बाद डॉ रमीज अंडरग्राउंड हो गया था। पुलिस उस पर लगातार दबाव बना रही थी और इसी सिलसिले में उसके अम्मी-अब्बू को पीलीभीत से पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। रमीज पर 50 हजार का इनाम था।

फरार रहने के दौरान डॉ रमीज लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, लेकिन पुलिस की कड़ी निगरानी ने उसे सरेंडर करने से पहले ही पकड़ लिया। अब पुलिस रमीज से इस पूरे गिरोह और उसके पीछे छिपे अन्य चेहरों के बारे में कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि इस खेल की पूरी सच्चाई सामने आ सके।