PM मोदी की जर्मन चांसलर के साथ द्विपक्षीय बैठक, साबरमती रिवरफ्रंट पर अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव 2026 का आगाज कर उड़ाई पतंग: दर्जनों उद्योगपतियों के साथ भारत पहुँचे मर्ज

गुजरात के अहमदाबाद में सोमवार (12 जनवरी 2026) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ द्विपक्षीय बैठक की। मई में पद सँभालने के बाद चांसलर मर्ज की भारत की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है। उनके साथ 25 बड़े उद्योगपतियों ओर सीईओ का एक प्रतिनिधिमंडल भी आया है।

इससे पहले साबरमती रिवरफ्रंट पर अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ मिलकर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान दोनों नेताओं ने साथ मिलकर पतंगबाजी की।

प्रधानमंत्री मोदी ने विदेशी मेहमानों का स्वागत किया और भारतीय संस्कृति व परंपराओं से जुड़े इस उत्सव की अहमियत पर प्रकाश डाला। उन्होंने चांसलर मर्ज को पतंग महोत्सव की परंपरा के बारे में जानकारी दी और देश-विदेश से आए प्रतिभागियों के साथ पतंगबाजी का आनंद लिया।

अहमदाबाद के इस अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव में 50 देशों के 135 अंतरराष्ट्रीय पतंगबाजों ने भाग लिया, जिनमें चिली, कोलंबिया और दक्षिण कोरिया के पतंगबाज शामिल हैं। इसके अलावा भारत के 13 राज्यों और गुजरात के 16 जिलों से कुल 871 पतंग प्रेमी भी इस आयोजन में पहुँचे हैं।