‘मुंबई आऊँगा, पैर काटकर दिखाओ’: राज ठाकरे के गुंडों को BJP नेता अन्नामलाई ने दिया मुँहतोड़ जवाब, मुंबई को वर्ल्ड-क्लास सिटी बोलने पर ‘ठाकरे पार्टियाँ’ कर रही थी मराठा राजनीति

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना(MNS) प्रमुख राज ठाकरे की धमकी पर बीजेपी नेता के अन्नामलाई ने करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि वे मुंबई जरूर आएँगे और हिम्मत है तो उनके पैर काटकर दिखाएँ। बीजेपी नेता ने महाराष्ट्र को वर्ल्ड क्लास शहर कहने पर भी तर्क दिया है।

सोमवार (12 जनवरी 2026) को मीडिया से बातचीत में के अन्नामलाई ने कहा,”आदित्य ठाकरे और राज ठाकरे मुझे धमकी देने वाले कौन होते हैं? मुझे किसान का बेटा होने पर गर्व है। उन्होंने सिर्फ मुझे गाली देने के लिए मीटिंग रखी है। मुझे नहीं पता कि मैं इतना जरूरी हो गया हूँ।”

उन्होंने आगे कहा,”कुछ लोगों ने लिखा है कि अगर मैं मुंबई आया तो वे मेरे पैर काट देंगे। मैं मुंबई आऊँगा, कोशिश करके देखो मेरे पैर काटने की। अगर मैं ऐसी धमकियों से डरता, तो मैं अपने गाँव में ही रहता। अगर मैं कहूँ कि कामराज भारत के सबसे महान नेताओं में से एक हैं, तो क्या इसका मतलब है कि वह अब तमिल नहीं रहे? अगर मैं कहूँ कि मुंबई एक वर्ल्ड क्लास शहर है, तो क्या इसका मतलब है कि इसे महाराष्ट्र के लोगों ने नहीं बनाया? ये लोग बस नासमझ हैं।”

राज ठाकरे का बयान

दरअसल, बीजेपी नेता के अन्नामलाई ने राज ठाकरे की उस धमकी पर जवाब दिया है, जिसमें उन्होंने बीजेपी नेता के मुंबई को अंतरराष्ट्रीय शहर कहने की आलोचना की थी। राज ठाकरे ने के अन्नामलाई के लिए कहा था, “एक रसमलाई तमिलनाडु से आया। तुम्हारा यहाँ से क्या कनेक्शन है? हटाओ लुंगी, बजाओ पुंगी।” इसके बाद कुछ MNS समर्थकों ने के अन्नामलाई को मुंबई आने और पैर काटने की धमकी दी थी।  

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में 15 जनवरी 2025 को BMC समेत कई निकाय चुनाव होने जा रहे हैं। इसी बीच राजनातिक बयानबाजी जारी है। यह विवाद भी इसी संदर्भ में आयोजित रैली का हिस्सा है।