उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 66 साल के गोपी अहिरवार ने 15 साल बाद दोबारा हिंदू धर्म अपनाया है। गोपी ने आरोप लगाया है कि एक मुस्लिम महिला रेशमा ने उन्हें धमकाकर जबरन धर्मांतरण कराया, जमीन हड़पी और सालों तक प्रताड़ित किया। पुलिस ने आरोपित महिला रेशमा को फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, उरई कोतवाली क्षेत्र के बघौरा इलाके में रहने वाले गोपी अहिरवार का कहना है कि करीब 15 साल पहले रेशमा ने उन्हें अपने प्रेमजाल में फँसाया था। इसके अलावा, जान से मारने की धमकी देकर उनका धर्मांतरण कराया गया और नाम बदलकर दीन मोहम्मद रख दिया गया। गोपी का कहना है कि उन्हें बंधक बनाकर रखा गया, मारपीट की गई और उनकी जमीन भी हड़प ली गई।
मंगलवार (13 जनवरी 2026) को गोपी ने हिम्मत जुटाकर हिंदू संगठनों से संपर्क किया। इसके बाद उरई के हनुमान मंदिर में गंगाजल, मंत्रोच्चार और शुद्धिकरण के साथ उनकी घर वापसी कराई गई। इस दौरान उन्होंने दाढ़ी कटवाई और भगवा वस्त्र धारण किए।
गोपी की शिकायत पर पुलिस ने धर्मांतरण कानून के तहत केस दर्ज किया है। एसपी के आदेश पर कार्रवाई करते हुए रेशमा को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब जमीन के कागजात और पुराने दस्तावेजों की जाँच कर रही है।

