भारतीय संस्कृति से प्रभावित होकर फ्रांस के एक जोड़े ने उत्तर प्रदेश के आगरा के एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली है। 74 वर्षीय फिलिप और 68 वर्षीय सिल्विया करीब 40 साल से लिव-इन में रह रहे था और भारत में भ्रमण पर आए थे। कपल का कहना है कि उन्हें भारत की परंपराएँ बहुत पसंद आई हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आगरा के प्रसिद्ध राधा-कृष्ण मंदिर में यह विवाह संपन्न हुआ जहाँ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडितों ने विधिवत पूजा कराई और अग्नि को साक्षी मानकर फिलिप और सिल्विया ने सात फेरे लिए। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु और स्थानीय लोग इस खास पल के गवाह बने, जहाँ यह विदेशी जोड़ा पूरे श्रद्धा भाव के साथ हिंदू विवाह संस्कारों का पालन करता नजर आया।
फिलिप और सिल्विया ने बताया कि वे पिछले 40 वर्षों से साथ रह रहे थे लेकिन उन्होंने कभी शादी नहीं की थी। भारत यात्रा के दौरान जब उन्होंने यहाँ की संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मूल्यों को नजदीक से समझा तो उन्हें लगा कि हिंदू विवाह एक बेहद पवित्र और आत्मिक बंधन है। इसी भावना से प्रेरित होकर उन्होंने मंदिर में विवाह करने का फैसला लिया।
फ्रांस से आए इस कपल ने करीब 25 दिनों तक भारत के विभिन्न शहरों की यात्रा की, जहाँ उन्होंने भारतीय जीवनशैली, धार्मिक परंपराओं और पारिवारिक रिश्तों को करीब से देखा। फिलिप ने कहा कि भारत में रिश्तों को जिस सम्मान और पवित्रता के साथ देखा जाता है, उसने उनके दिल को छू लिया।

