‘तुम्हें कब्र से खींच लाऊँगा’: TMC विधायक ने दी चुनाव आयुक्त को धमकी, मोनिरुल इस्लाम के समर्थकों ने सरकारी दफ्तर में की तोड़फोड़

पश्चिम बंगाल के फरक्का से टीएमसी विधायक मोनिरुल इस्लाम ने मुख्य चुनाव आयुक्त को खुलेआम धमकी देकर नया विवाद खड़ा कर दिया है। विधायक ने चुनाव आयुक्त के खिलाफ बेहद गंदी भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा कि वे उन्हें ‘कब्र से बाहर खींच लाएँगे’।

विधायक मोनिरुल इस्लाम का आरोप है कि चुनाव आयोग भाजपा को खुश करने के लिए बंगाल के लोगों को परेशान कर रहा है। उन्होंने न केवल चुनाव आयुक्त से इस्तीफे की माँग की, बल्कि डंडे के जोर पर काम करने की भी बात कही।

यह सारा हंगामा तब शुरू हुआ जब विधायक अपने समर्थकों के साथ फरक्का के बीडीओ (BDO) दफ्तर पहुँचे। वहाँ चल रही मतदाता सूची की सुनवाई के दौरान समर्थकों ने जमकर तोड़फोड़ की और सरकारी काम रुकवा दिया।

अधिकारियों के कमरों के दरवाजे जबरन खोले गए और उनके साथ बदसलूकी की गई। हैरान करने वाली बात यह है कि सरेआम हुई इस हिंसा और गाली-गलौज के बाद भी अब तक पुलिस ने विधायक पर कोई एक्शन नहीं लिया है।

इस घटना के बाद विपक्ष ने ममता सरकार को घेरा है। पूर्व कॉन्ग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने आरोप लगाया कि यह सब मुख्यमंत्री के इशारे पर हो रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो चुकी है और अब चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं को भी डराया जा रहा है। विधायक की इस हरकत से सरकारी अधिकारियों में भी डर का माहौल है।