गणतंत्र दिवस पर आतंकी हमले की आशंका के चलते जाँच एजेंसियाँ अलर्ट हैं। संदिग्ध आतंकियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही हैं। इसी कड़ी में मेरठ के उजैद कुरैशी निशाने पर है। वह अलकायदा आतंकी संगठन से जुड़ा है। वहीं दिल्ली के दिल्ली पुलिस ने भी अलकायदा से जुड़े 6 आतंकियों के फोटो जारी किए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मेरठ का उजैद कुरैशी संदिग्ध गतिविधियों की वजह से जाँच एजेंसियों की रडार पर था। बुधवार (21 जनवरी 2026) को ही कोतवाली थाना क्षेत्र के बनियापाड़ा इलाके में UPATS और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की। इस दौरान वह घर पर नहीं था, तो उसके दो भाइयों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
टीम ने उजैद के घर के बाहर नोटिस चस्पा कर दिया और वापस लौट गई। टीम के लौटने के बाद उजैद स्कूटी से घर पहुँचा और नोटिस देखकर आगाह हो गया। इसके बाद से वह फरार है। जाँच टीम का उजैद के घर की तरफ बढ़ते हुए और उनके जाने के बाद घर के सामने स्कूटी के साथ खड़े उजैद का वीडियो भी सामने आया है। उधर, पुलिस ने उजैद के दोनों भाइयों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया है।
उजैद का आतंकी संगठन अलकायदा से कनेक्शन
दरअसल, जम्मू-कश्मीर पुलिस और UPATS को कुछ दिन पहले एक आतंकी संगठन का व्हाट्सऐप ग्रुप हाथ लगा। इस ग्रुप से जुड़े एक सदस्य को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया गया। उस युवक के व्हाट्सऐप चैट्स से फिदायीन हमले का खुलासा हुआ। इसके अलावा भी कई संदिग्ध गतिविधियों का पता लगा।
जाँच एजेंसी ने ग्रुप से जुड़े लोगों का नेटवर्क खंगाला, तो इसमें मेरठ के उजैद कुरैशी का भी नाम सामने आया। उजैद भी आतंकी संगठन के इस ग्रुप में एक्टिव है। हालाँकि, ग्रुप में उसका केवल एक मैसेज ही दिखा। इसके अलावा नवंबर 2024 में उजैद के जम्मू-कश्मीर जाने की भी जानकारी लगी, जहाँ वह संदिग्ध तत्वों के संपर्क में आया।
उजैद के खिलाफ BNS की धारा 113 के तहत केस दर्ज किया गया है। इस धारा का सीधा संबंध आतंकवाद गतिविधियों से है। उजैद पर अलकायदा के स्लीपर सेल के रूप में काम करने का आरोप है। उजैद के अब्बा मोहम्मद साजिद कुरैशी का भी जम्मू-कश्मीर आना-जाना लगा रहता है। वह फल व्यापारी हैं और जम्मू-कश्मीर से फल मँगाकर मेरठ की मंडी में सप्लाई करते हैं।
दिल्ली का वांटेड आतंकी मोहम्मद रेहान की तलाश
उधर, दिल्ली में गणतंत्र दिवस के मद्देनर राजधानी अलर्ट मोड पर है। दिल्ली पुलिस ने अलकायदा के 6 आतंकवादियों के फोटो जारी किए हैं। इनमें दिल्ली के एक आतंकवा मोहम्मद रेहान की भी तस्वीर है, जो पुलिस और खुफिया एजेंसियों की हिट लिस्ट में है। दिल्ली पुलिस ने उसे वांटेड आतंकवादी घोषित किया है।

