सुभान रंगरेज ने स्वर्ण मंदिर सरोवर में कुल्ला करते हुए बनाई वीडियो, ‘मुस्लिम शेर’ लिखकर किया पोस्ट: गाजियाबाद में निहंगों ने पीटकर पुलिस को सौंपा

अमृतसर के स्वर्ण मंदिर (हरमंदिर साहिब) के पवित्र सरोवर में कुल्ला करने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपित मुस्लिम युवक सुभान रंगरेज को गाजियाबाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपित को अंकुर विहार थाना क्षेत्र से पकड़ा है, जिसे अब कानूनी औपचारिकताओं के बाद पंजाब पुलिस को सौंपा जाएगा।

आरोपित ने सरोवर के जल में पैर डालकर कुल्ला करने और पानी वापस सरोवर में थूकने का वीडियो ‘मुस्लिम शेर’ लिखकर पोस्ट किया था, जिसके बाद सिख समुदाय में भारी आक्रोश फैल गया था और उसकी गिरफ्तारी की माँग तेज हो गई थी।

जाँच में सामने आया है कि सुभान करीब 20 मिनट तक स्वर्ण मंदिर परिसर में रहा, लेकिन उसने मत्था नहीं टेका। वीडियो में वह उंगली उठाकर मंदिर की ओर इशारा करते हुए और टोपी पहनकर आने की बात कहते हुए भी दिखा है।

हालाँकि, विवाद बढ़ता देख आरोपित ने दो बार वीडियो जारी कर माफी माँगी और इसे भूलवश हुई गलती बताया, लेकिन शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) उसकी माफी से संतुष्ट नहीं है। SGPC का आरोप है कि सुभान की नीयत बेअदबी करने की ही थी, क्योंकि पहली माफी के दौरान भी उसका रवैया गंभीर नहीं था। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।