गणतंत्र दिवस की कला प्रदर्शनी के लिए हिंदू छात्रों से बनवाया मस्जिद का मॉडल, परिजन के हंगामे के बाद प्रिंसिपल ने माँगी माफी: मध्य प्रदेश के बड़वानी की घटना

मध्यप्रदेश के बड़वानी जिला मुख्यालय स्थित एक प्राइवेट हायर सेकेंडरी स्कूल में रविवार (25 जनवरी 2026) को गणतंत्र दिवस को देखते हुए कला प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसको लेकर विवाद खड़ा हो गया।

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में हिंदू छात्रों को थर्माकोल से मस्जिद का मॉडल बनाते हुए दिखाया गया। वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया और संगठन के पदाधिकारी स्कूल पहुँचकर प्रबंधन के खिलाफ विरोध दर्ज कराए।

नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि कला प्रदर्शनी के माध्यम से हिंदू–मुस्लिम एकता का एकतरफा संदेश दिया गया और इससे धार्मिक भावनाएँ आहत हुई हैं। नवनीत सिंह नामक पदाधिकारी ने सवाल उठाया कि यदि उद्देश्य एकता दिखाना था, तो मुस्लिम छात्रों को भी हिन्दू देवताओं के मॉडल बनवाने चाहिए थे। विवाद बढ़ने पर स्कूल में तैयार मस्जिद मॉडल मौके पर ही तोड़ दिया गया।

स्कूल प्राचार्य सदानंद दुबे ने मामले पर सार्वजनिक माफी जारी करते हुए कहा कि अनजाने में कुछ वर्गों की धार्मिक भावनाएँ आहत हुईं, जिसका उन्हें खेद है। प्राचार्य ने घोषणा की कि कला प्रदर्शनी कार्यक्रम को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है और जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी भी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाली गतिविधियाँ आयोजित नहीं की जाएँगी।