‘काबिल नेताओं की कॉन्ग्रेस में कोई जगह नहीं…’: नवजोत कौर सिद्धू ने छोड़ी पार्टी, पंजाब PCC चीफ पर संगठन बर्बाद करने का आरोप

पंजाब कॉन्ग्रेस में मचे घमासान के बीच डॉ नवजोत कौर सिद्धू ने पार्टी से इस्तीफा देकर सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ कौर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने फैसले की जानकारी दी और प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर तीखा प्रहार किया।

डॉ कौर ने राजा वड़िंग पर निजी स्वार्थ के लिए संगठन को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा, “मैं ऐसी पार्टी छोड़ रही हूँ, जहाँ काबिल और भविष्य के नेताओं की आवाज नहीं सुनी जाती।” डॉ सिद्धू ने आरोप लगाया कि पार्टी में जानबूझकर गुटबाजी को बढ़ावा दिया गया और उनकी चुनावी संभावनाओं को नुकसान पहुँचाने की साजिश रची गई।

डॉ कौर ने नेतृत्व की कमजोरी और अनुशासनहीनता पर निराशा जताते हुए कहा कि उनके पास आरोपों के पुख्ता सबूत हैं। गौरतलब है कि सिद्धू परिवार और कॉन्ग्रेस हाईकमान के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही थी। अब इस इस्तीफे के बाद उनके भाजपा (BJP) में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं, जिसे पंजाब में कॉन्ग्रेस के लिए एक बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।