भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही व्यापार वार्ता अब अंतिम समझौते के करीब पहुँच गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस ‘ट्रेड डील’ का औपचारिक ऐलान किया है। इसी बीच मंगलवार (3 फरवरी 2026) को NDA की संसदीय दल की बैठक आयोजित हुई, जहाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मान किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत का वैश्विक मंच पर केंद्र में आना इस सदी की सबसे बड़ी घटना है।
पीएम मोदी ने कहा, “दुनिया में भारत की पूछ हो रही है। दुनिया के संतुलन में भारत की भूमिका अहम है। भारत दुनिया के सेंटर स्टेज पर है और ये इस सदी की सबसे बड़ी घटना है।” विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, “कुछ लोग टैरिफ के फैसले से टूट पड़े थे। जब भारत पर टैरिफ लगा तो विपक्षी कटघरे में खड़ा करने लगे अलग-अलग सवाल पूछने लगे थे।”
उन्होंने इसे राजनीतिक दृष्टिकोण से देखने के बजाय देश के हित में आगे बढ़ने की जरूरत बताई। PM मोदी ने सांसदों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निर्यात की संभावनाएँ तलाशें, मैन्युफैक्चरर्स के साथ सम्मेलन करें और क्वालिटी पर विशेष ध्यान दें ताकि भारत का एक्सपोर्ट मजबूत हो सके।

