भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही व्यापार वार्ता अब अंतिम चरण में पहुँच चुकी है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बड़ा अपडेट देते हुए कहा है कि दोनों देशों के बीच ट्रेड डील से जुड़े स्टेटमेंट्स 4 से 5 दिनों में साइन हो सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के पहले चरण का कानूनी ड्राफ्ट मिड मार्च तक सामने आ जाएगा।
पीयूष गोयल ने कहा कि भारत और अमेरिका की अर्थव्यवस्थाएँ एक-दूसरे की पूरक हैं और यह समझौता दोनों देशों के लिए फायदेमंद साबित होगा। उन्होंने संसद में बताया कि इस समझौते के तहत कृषि और डेयरी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है।
पीयूष गोयल ने यह भी कहा कि यह डील MSME, उद्यमियों, कुशल श्रमिकों और उद्योगों के लिए नए अवसर खोलेगी। इससे भारत-अमेरिका संबंध और मजबूत होंगे और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को गति मिलेगी।
ऊर्जा डील को लेकर गोयल ने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता 140 करोड़ भारतीयों की ऊर्जा सुरक्षा है। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में भारतीय वस्तुओं पर टैरिफ घटाने की घोषणा भी की है।

