प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (7 फरवरी 2026) को दो दिन के आधिकारिक दौरे पर मलेशिया पहुँचे, जहाँ उनका भव्य और भावनात्मक स्वागत किया गया। कुआलालंपुर में भारतीय समुदाय ने उनके सम्मान में एक विशाल सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें उत्साह, सांस्कृतिक रंग और भारत-मलेशिया की गहरी दोस्ती की झलक देखने को मिली।
यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब दोनों देशों के संबंधों को हाल ही में ‘समग्र रणनीतिक साझेदारी’ का दर्जा मिला है, जिससे इस दौरे के महत्व और अपेक्षाएँ दोनों बढ़ गई हैं।
भव्य स्वागत, सांस्कृतिक रंग और ऐतिहासिक आयोजन
कुआलालंपुर में आयोजित ‘वेलकम मोदी जी’ कार्यक्रम भारतीय प्रवासी समुदाय की भावनाओं और जुड़ाव का प्रतीक बना। इस कार्यक्रम में 750 से अधिक कलाकारों ने एक साथ मंच पर उतरकर सामूहिक नृत्य प्रस्तुति दी, जिसे मलेशियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने के लिए आवेदन किया गया है।
कार्यक्रम स्थल पर मौजूद हजारों भारतीयों ने ‘मोदी-मोदी’ के नारों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के आत्मीय स्वागत का विशेष उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि कैसे अनवर इब्राहिम ने औपचारिक प्रोटोकॉल से आगे बढ़ते हुए एयरपोर्ट पर खुद उनका स्वागत किया और अपनी ही कार में साथ बैठाकर होटल तक ले गए। इस भावनात्मक क्षण को साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि गहरी दोस्ती और विश्वास का प्रतीक है।
#WATCH | Kuala Lumpur, Malaysia | PM Narendra Modi was welcomed by Prime Minister of Malaysia, Anwar Ibrahim, as he landed in Kuala Lumpur, for his two-day visit.
— ANI (@ANI) February 7, 2026
PM Narendra Modi received a warm cultural welcome upon his arrival.
Source: DD https://t.co/c2n62sUtmg pic.twitter.com/YfNg7nFF3w
जल्द मलेशिया में आएगा UPI
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भी अपने संबोधन में भारत को करीबी मित्र बताते हुए दोनों देशों के मजबूत रिश्तों की सराहना की। उन्होंने व्यापार, पर्यटन, डिजिटल सहयोग और भारतीय प्रवासी समुदाय की भूमिका को भारत–मलेशिया संबंधों की मजबूती का आधार बताया।
आसियान क्षेत्र में दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार और सहयोग को भविष्य की साझेदारी का मजबूत स्तंभ बताया गया। पीएम मोदी ने अपने भाषण में बताया कि मलेशिया के प्रधानमंत्री बहुत अच्छे सिंगर हैं और भारतीय म्यूजिक के बहुत बड़े फैन हैं। मलेशिया पीएम तमिल अभिनेता, फिल्म निर्माता एमजीआर के गाने सुनते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया के लोगों से वादा करते हुए कहा कि भारत का UPI जल्द मलेशिया में आएगा। पीएम मोदी ने मलेशिया के लोगों को भारत आने का न्योता दिया और इसके साथ ही अपने दोस्तों को साथ लाने के लिए भी कहा। उन्होंने भारत की सफलताएँ गिनाते हुए कहा, “अब हम टॉप 3 के दरवाजों को खटखटा रहे हैं।”
यह प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया की तीसरी यात्रा है, लेकिन अगस्त 2024 में रिश्तों को ‘समग्र रणनीतिक साझेदारी’ का दर्जा मिलने के बाद यह उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है। ऐसे में इस दौरे को दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक सहयोग को नई ऊँचाई देने वाला माना जा रहा है।

