जिस 81 साल के बुजुर्ग ने अवैध इमारत का किया विरोध, TMC नेता ने उसकी लात मार-मारकर की हत्या: बंगाल पुलिस ने रवींद्रनाथ भट्टाचार्य को पकड़ा, पार्टी ने सस्पेंड करके पल्ला झाड़ा

सीनियर वकील और ऑल इंडिया तृणमूल कॉन्ग्रेस के नेता रवींद्रनाथ भट्टाचार्य को 8 फरवरी 2026 (रविवार) को पश्चिम बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसने नॉर्थ 24 परगना जिले के बैरकपुर में तुलसी अधिकारी नाम के 81 साल के बुजुर्ग की पैरों से मार कर हत्या कर दी। FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ा।

भट्टाचार्य को 9 फरवरी को बैरकपुर कोर्ट में पेश किया गया, कोर्ट ने उन्हें 7 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। उसकी जमानत अर्जी खारिज कर दी गई। भट्टाचार्य पर भारतीय न्याय संहिता के सेक्शन 101 के तहत हत्या का आरोप है।

भट्टाचार्य बैरकपुर बार एसोसिएशन के सेक्रेटरी और नॉर्थ बैरकपुर म्युनिसिपैलिटी के वार्ड नंबर 23 के TMC पार्षद हैं। हालाँकि टीएमसी ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से सस्पेंड कर चुकी है।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, “जाँच चल रही है और आरोपी से आगे पूछताछ की जाएगी। हम पीड़ित की मौत का सही कारण जानने के लिए ऑटोप्सी रिपोर्ट का भी इंतज़ार कर रहे हैं।”

मृतक तुलसी अधिकारी ने बैरकपुर के मनीरामपुर में अपने घर के बगल में एक तीन मंज़िला गैर-कानूनी बिल्डिंग बनाए जाने का विरोध किया था। ये बल्ली घाट के पास है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी 7 फरवरी (शनिवार) को गैर-कानूनी कंस्ट्रक्शन के खिलाफ विरोध में सड़कों पर उतरे लोगों में शामिल थे। उन्हें वहाँ देख कर झगड़ा शुरू हुआ, जो मारपीट में बदल गया।

पीड़ित अपने बेटे हेमंत का बचाव करने के लिए आगे आया, जिस पर भट्टाचार्य ने हमला किया था। मृतक के परिजनों के मुताबिक, भट्टाचार्य ने बुजुर्ग आदमी को लात मारी, जिससे वह नीचे गिर गया। उसे अस्पताल ले जाया गया,जहाँ उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, “हम उस गैर-कानूनी निर्माण में स्थानीय नेताओं के शामिल होने की जाँच कर रहे हैं, जिसकी वजह से विरोध शुरू हुआ। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि उसकी मौत का सही कारण पता चल सके।” इलाके को सील कर दिया गया है और पुलिस घटना की जगह पर लगे CCTV फुटेज को खंगाल रही है। इसके अलावा, वे पड़ोसियों और गवाहों के बयान भी रिकॉर्ड कर रहे हैं।

मृतक के परिजनों का कहना है कि भट्टाचार्य के अवैध निर्माण के खिलाफ विरोध करने के बावजूद प्रशासन ने एक्शन नहीं लिया। इसलिए उन्होंने अपनी रिक्वेस्ट पर ध्यान देने के लिए नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद भट्टाचार्य ने मृतक को मारा।

घटना के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने विरोध प्रदर्शन किया और भट्टाचार्य को कड़ी सजा देने की माँग की। पार्टी ने आरोप लगाया कि सलाखों के पीछे होने के बावजूद उन्हें ‘VIP ट्रीटमेंट’ मिल रहा है।

BJP के पूर्व MP अर्जुन सिंह और स्थानीय नेता तापस घोष की अगुवाई में चिरिया मोड़ पर मोहनदास करमचंद गाँधी की मूर्ति से बैरकपुर कोर्ट तक मार्च निकाला गया। उन्होंने पुलिस बैरिकेड्स तोड़ दिए और धरना दिया। इस दौरान सड़क जाम हो गया और ट्रैफिक की दिक्कत आई। इससे पुलिस के साथ तीखी बहस और छोटी-मोटी झड़पें भी हुईं।