बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और देशभर में वोटों की गिनती जारी है। चुनाव आयोग के अनुसार, शुरुआती नतीजे आज रात 8 बजे से आने शुरू हो जाएँगे। इस चुनाव में देश के करीब 36 हजार मतदान केंद्रों पर औसतन 47.91% मतदान दर्ज किया गया है, जो पिछले चुनावों की तुलना में कम माना जा रहा है।
हालाँकि मतदान के दौरान कई इलाकों में हिंसा और झड़पों की घटनाएँ सामने आईं। खुलना शहर में एक मतदान केंद्र के बाहर जमात-ए-इस्लामी के कार्यकर्ताओं के साथ हुई झड़प में BNP नेता मोहिबुज्जमान कोच्चि की मौत हो गई।
इसके अलावा, मुंशीगंज-3 और गोपालगंज सदर क्षेत्र में मतदान केंद्रों के बाहर देसी बम फेंके जाने की खबरें आई हैं। गोपालगंज सदर में हुए धमाके में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

