PM मोदी को कहा था जहरीला साँप, दिल्ली की अदालत ने कॉन्ग्रेस अध्यक्ष खरगे को भेजा नोटिस

कॉन्ग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘जहरीला साँप’ कहा था और अब इसी बयान ने उनकी कानूनी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने खरगे के खिलाफ दायर एक आपराधिक याचिका पर नोटिस जारी कर जवाब माँगा है।

स्पेशल जज जितेंद्र सिंह इस मामले की सुनवाई कर रहे हैं। इससे पहले निचली अदालत ने खरगे को राहत दे दी थी। लेकिन अब ऊपरी अदालत इस मामले की दोबारा समीक्षा कर रही है। कोर्ट 27 फरवरी 2026 को तय करेगा कि खरगे पर आपराधिक कार्रवाई होगी या नहीं।

यह पूरा मामला साल 2023 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव से जुड़ा है। खरगे ने एक चुनावी रैली में पीएम मोदी की तुलना साँप से की थी। आरएसएस सदस्य रविंदर गुप्ता ने इसे मानहानि और नफरत फैलाने वाला भाषण बताया है।

उनका आरोप है कि खरगे ने पीएम मोदी और संघ की छवि खराब करने की कोशिश की। हालाँकि, विवाद बढ़ने पर खरगे ने सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि उनका बयान किसी व्यक्ति के लिए नहीं बल्कि ‘विचारधारा’ के लिए था। अब देखना होगा कि अदालत उनकी इस दलील को स्वीकार करती है या मामला आगे बढ़ता है।