नमो भारत में सफर करेंगे PM मोदी, दिल्ली-मेरठ RRTS को करेंगे ऑपरेशनल: ₹12930 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास, CM योगी भी रहेंगे मौजूद

पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-NCR के विकास को रफ्तार देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार (22 फरवरी 2026) को मेरठ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे करीब 12,930 करोड़ रुपए की लागत वाली कई अहम बुनियादी ढाँचा परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। यह कार्यक्रम क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, शहरी परिवहन और आर्थिक विकास के लिहाज से मील का पत्थर साबित होने वाला है।

मेरठ मेट्रो और नमो भारत की ऐतिहासिक शुरुआत

प्रधानमंत्री दोपहर करीब 12:30 बजे शताब्दी नगर स्थित नमो भारत स्टेशन पहुँचेंगे, जहाँ वे मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री स्वयं ट्रेन से मेरठ साउथ स्टेशन तक यात्रा करेंगे। एक दिन के मेरठ दौरे पर प्रधानमंत्री नमो भारत ट्रेन में सफर के साथ यात्रियों और स्कूली बच्चों से बातचीत करेंगे।

इसके बाद दोपहर 1 बजे मेरठ साउथ स्टेशन पर आयोजित जनसभा में वे लोगों को संबोधित करेंगे और क्षेत्र के विकास के लिए सरकार के विजन को साझा करेंगे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे और कई परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा।

दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर से बदलेगी यात्रा की तस्वीर

इस दौरे का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का उद्घाटन है। यह देश का पहला रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) है, जिसे 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से संचालन के लिए डिजाइन किया गया है।

मेरठ कॉरिडोर की कुल लागत करीब ₹30 हजार करोड़ से ज्यादा है। इस कॉरिडोर के कहत मेरठ के अंदर लोकल मेट्रो की तरह सेवा मिलेगी और दिल्ली जाने के लिए हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन चलेगी, जिसकी अधिकतम रफ्तार 160 किलोमीटर प्रति घंटा है। यानी लोग मेरठ से दिल्ली करीब 55 मिनट में पहुँच सकेंगे।

दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर के बीच 5 किमी और मेरठ में मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच 21 किमी के हिस्से का उद्घाटन होने के साथ अब पूरा कॉरिडोर यात्रियों के लिए खुल जाएगा। इसके जरिए दिल्ली और मेरठ के बीच सफर पहले से कहीं ज्यादा तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगा।

भारत की सबसे तेज मेट्रो और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी

मेरठ मेट्रो को भारत की सबसे तेज मेट्रो सेवाओं में शामिल किया गया है, जो करीब 120 किमी प्रति घंटे की गति से चलेगी। खास बात यह है कि एक ही ट्रैक पर मेट्रो और रैपिड रेल दोनों का संचालन किया जाएगा, जो देश में पहली बार हो रहा है।

मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक का सफर महज 30 मिनट में पूरा होगा। साथ ही सराय काले खां जैसे स्टेशनों को मल्टीमॉडल हब के रूप में विकसित किया गया है, जहाँ रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो, बस अड्डा और प्रमुख सड़कों से सीधा संपर्क मिलेगा। इससे ट्रैफिक दबाव घटेगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर में नमो भारत के 16 स्टेशन हैं, जो मेरठ को दिल्ली से जोड़ते हैं। इनमें जंगपुरा, सराय काले खां, न्यू अशोक नगर, आनंद विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमुपल और मोदीपुर शामिल हैं।

नमो भारत स्टेशनों को दिल्ली मेट्रो, रेलवे स्टेशन, बस टर्मिनल और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों से जोड़ा गया है। इस सेवा का मकसद दिल्ली NCR और मेरठ के बीच रोजाना यात्रा करने वाले लाखों लोगों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन विकल्प देना है।