उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित बनभूलपुरा इलाके में रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने साफ कर दिया कि वह जमीन रेलवे की है और कब्जा करने वाले यह तय नहीं कर सकते कि रेलवे अपनी जमीन का इस्तेमाल कैसे करे।
हालाँकि, मानवीय पहलू को देखते हुए कोर्ट ने आदेश दिया कि प्रभावित होने वाले पात्र परिवारों को हटाया जाता है, तो रेलवे और राज्य सरकार मिलकर उन्हें 6 महीने तक ₹2000 प्रति माह सहायता भत्ता देंगे। अगली सुनवाई अप्रैल में होगी, तब तक अतिक्रमण हटाने पर रोक जारी रहेगी।
सुप्रीम कोर्ट ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि ईद (19 मार्च) के बाद एक विशेष कैंप लगाया जाए। इस कैंप में पात्र लोग प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर के लिए आवेदन कर सकेंगे।
अदालत ने नैनीताल डीएम और हल्द्वानी एसडीएम को पुनर्वास केंद्र बनाने और लॉजिस्टिक सहायता देने को कहा है। सामाजिक कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को योजना की जानकारी देंगे। केंद्र सरकार ने कोर्ट को बताया कि नदी और पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण रेलवे विस्तार के लिए यह जमीन बहुत जरूरी है।

