गुजरात के कच्छ जिले में नखत्राणा स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल नखत्राणा में एक शिक्षिका द्वारा छात्र से हनुमान चालीसा की पुस्तिका छीनकर फेंकने के आरोप के बाद विवाद खड़ा हो गया है। घटना बुधवार (11 फरवरी 2026) की बताई जा रही है।
इस मामले को लेकर हिंदू संगठनों और अभिभावकों में नाराजगी है। विरोध बढ़ने के बाद स्कूल प्रशासन ने संबंधित शिक्षक को पद से हटा दिया है, लेकिन अब कानूनी कार्रवाई की माँग की जा रही है।
CCTV में कैद हुई घटना
जानकारी के अनुसार, छठी कक्षा का एक छात्र हनुमान चालीसा की छोटी पुस्तिका लेकर कक्षा में बैठा था। तभी शिक्षिका कक्षा में पहुँचे और छात्र से पुस्तिका छीनकर नीचे फेंक दी। यह पूरी घटना स्कूल के CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
A Hindu girl accidentally carried Hanuman Chalisa in her bag to St. Xavier's School in Kutch, Gujarat.
— Team Hindu United (@TeamHinduUnited) February 24, 2026
The teacher snatched and threw it away.
Hindu groups protested, filed complaint and the teacher fired.
The whole class then joyfully chanted Hanuman Chalisa together! pic.twitter.com/xDwdeASfXZ
विश्व हिंदू परिषद का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में जब छात्रों से पूछताछ की गई तो कुछ बच्चों ने बताया कि शिक्षिका ने छात्र को डांटा और हिंदू धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की।
यह भी आरोप लगाया गया कि बाद में छात्र को प्रताड़ित किया गया और घटना से इनकार करते हुए वीडियो बनवाया गया। हालाँकि, स्कूल ने धर्म संबंधी टिप्पणी के आरोपों से इनकार किया है।
विरोध प्रदर्शन और कानूनी कार्रवाई की माँग
घटना सामने आने के बाद विश्व हिंदू परिषद और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने स्कूल पहुँचकर विरोध जताया और शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उनका कहना है कि स्कूल पहले भी कुछ मामलों को दबाने की कोशिश करता रहा है।
विरोध बढ़ने पर स्कूल ने शिक्षिका को हटा दिया, लेकिन संगठनों और अभिभावकों का कहना है कि केवल हटाना पर्याप्त नहीं है। वे चाहते हैं कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई हो ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएँ दोबारा न हों और छात्रों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान सुनिश्चित किया जा सके।

