पूरी ताकत से देंगे इसका जवाब: ईरान के राष्ट्रपति ने खामेनई की हत्या को बताया ‘महापाप’, ट्रंप बोले- यह इंसाफ है

ईरान में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने देश के सर्वोच्च नेता अली खामेनई की हत्या को ‘बहुत बड़ा अपराध’ बताया है। अपने आधिकारिक बयान में उन्होंने कहा कि इस अपराध का जवाब दिया जाएगा और इससे इस्लामी दुनिया व शिया इतिहास में एक नया अध्याय शुरू होगा।

उन्होंने चेतावनी दी कि इस हमले के पीछे जो भी लोग और कमांडर जिम्मेदार हैं, उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। राष्ट्रपति ने साफ कहा कि ईरान ‘पूरी ताकत और दृढ़ संकल्प’ के साथ जवाब देगा।

देश में 40 दिन का शोक, सुरक्षा हाई अलर्ट

86 वर्षीय अयातुल्ला खामेनेई की मौत की पुष्टि ईरानी सरकारी मीडिया ने कर दी है। सरकार ने पूरे देश में 40 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। साथ ही 7 दिनों का सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया गया है। सरकारी इमारतों पर झंडे आधे झुका दिए गए हैं और कई आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।

तेहरान समेत बड़े शहरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सड़कों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में खामेनेई की बेटी, पोते और दामाद की भी मौत हुई है, जिससे देश में गुस्सा और शोक दोनों बढ़ गया है।

ट्रंप का बयान और बढ़ता अंतरराष्ट्रीय तनाव

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर बयान जारी किया। उन्होंने खामेनई को ‘इतिहास के सबसे क्रूर लोगों में से एक’ बताते हुए कहा कि उनकी मौत इंसाफ है। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि एडवांस्ड इंटेलिजेंस और ट्रैकिंग सिस्टम की मदद से कार्रवाई संभव हुई और इजरायल के साथ मिलकर काम किया गया है।

ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के कई सुरक्षा बल और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर के सदस्य अब लड़ना नहीं चाहते हैं। उनका बयान साफ संकेत देता है कि आने वाले दिनों में क्षेत्र में और तनाव बढ़ सकता है।