दिल्ली में अलग-अलग इलाकों के कई स्कूलों और एक बैंक को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। मामला सोमवार (2 मार्च 2026) की सुबह का है, जब दिल्ली कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल, मयूर विहार के सलवान पब्लिक स्कूल, जनकपुरी के मीरा पब्लिक स्कूल, बल्लीमारान के राबिया गर्ल्स स्कूल, सरदार पटेल विद्यालय और बरामखंबा रोड स्थित स्टेट्समैन हाउस में मौजूद एक्सिस बैंक को धमकी संदेश भेजे गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और दिल्ली फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुँच गईं। एहतियातन सभी स्कूल परिसरों को खाली कर छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। बैंक परिसर की भी बारीकी से जाँच की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार अब तक किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर व्यापक एंटी-सबोटाज जाँच जारी है। स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों को संदेश भेजकर बच्चों के सुरक्षित होने की जानकारी दी है। वहीं साइबर टीम धमकी भरे ईमेल का पता लगाने में जुटी है।

