बागपत में क्रिकेट मैच के विवाद ने ली नाबालिग अमृत की जान, अनस-साजिद-सुहैल और साथी चिंकू गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले की बड़ौत तहसील क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया और 17 साल के छात्र की हत्या हो गई। मामला सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के बडावद और तितरौदा गाँव से जुड़ा है।

पुलिस ने अमृत शर्मा हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपित अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश और क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया।

दोस्त के बुलावे पर गया था अमृत, दुकान पर हुआ झगड़ा

मृतक अमृत शर्मा के पिता राजकिशोर शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा अमृत अपने बड़े भाई सागर और दो दोस्तों के साथ होली खेलने के लिए तितरौदा गाँव गया था। अमृत को उसके दोस्त समीर ने फोन करके बुलाया था।

परिजनों के मुताबिक जब वे तितरौदा पहुँचे तो समीर वहाँ नहीं मिला। इसी दौरान अमृत अपने दोस्तों के साथ साजिद की दुकान से कुछ सामान लेने चला गया। आरोप है कि वहीं पर चिंकू जाटव और उसके साथ मौजूद कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपितों ने अमृत पर चाकू और छुरे से कई वार कर दिए।

गंभीर रूप से घायल अमृत को उसके भाई और दोस्तों ने अस्पताल पहुँचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अमृत को पहले से साजिश के तहत बुलाया गया था और वहाँ घात लगाकर बैठे लोगों ने हमला किया।

क्रिकेट मैच के विवाद से बढ़ी रंजिश, चाकू-डंडे बरामद

इस मामले में पुलिस ने बताया कि राजकिशोर शर्मा की तहरीर पर चिंकू जाटव, सुहैल, अनस, शौकीन, एक अन्य सुहैल और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चिंकू जाटव, अनस, साजिद और दोनों सुहैल को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपित सुहैल ने बताया कि कुछ दिन पहले बडावद गाँव में क्रिकेट मैच खेला गया था। मैच के दौरान अमृत की मारी गेंद तितरौदा निवासी साहिल के छोटे भाई रिहान को लग गई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसके बाद से रंजिश चल रही थी।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और डंडे भी बरामद कर लिए हैं। वहीं एक आरोपित अभी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

उधर, पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनकी तहरीर के मुताबिक सभी नाम मुकदमे में शामिल नहीं किए गए। परिवार और कुछ हिंदू संगठनों ने आरोपितों के एनकाउंटर की माँग भी की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जाँच जारी है और फरार आरोपित को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।