एक साल बाद महँगा हुआ घरेलू गैस सिलेंडर, ₹60 बढ़ी कीमतें: कमर्शियल सिलेंडर के दामों में भी ₹115 की बढ़ोतरी

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच घरेलू रसोई गैस यानी LPG सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं। 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए की बढ़ोतरी की गई है जबकि 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 115 रुपए बढ़ा दी गई है। नई कीमतें शनिवार (7 मार्च 2026) से लागू हो गई हैं और इन्हें इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) की वेबसाइट पर भी अपडेट कर दिया गया है।

इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में अब 14.2 किलो वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर 913 रुपए में मिलेगा जो पहले 853 रुपए का था। कोलकाता में इसकी कीमत 879 रुपए से बढ़कर 939 रुपए हो गई है। वहीं, चेन्नई में यह 868.50 रुपए से बढ़कर 928.50 रुपए हो गया है। गौरतलब है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में अप्रैल 2025 के बाद पहली बार बढ़ोतरी की गई है।

कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में भी बड़ा इजाफा हुआ है। 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम 115 रुपए बढ़ाए गए हैं। दिल्ली में इसकी कीमत अब 1883 रुपए हो गई है जबकि मुंबई में यह 1835 रुपए में मिलेगा। कोलकाता में इसकी कीमत 1875.50 रुपए से बढ़कर 1990 रुपए हो गई है और चेन्नई में अब यह 2043.50 रुपए का हो गया है।

कमर्शियल सिलेंडर के दामों में यह बढ़ोतरी पिछले सात दिनों में दूसरी बार हुई है। इससे पहले 1 मार्च को भी इसकी कीमतों में 28 से 31 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई थी। कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारों पर पड़ सकता है क्योंकि इन जगहों पर बड़े पैमाने पर कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल होता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और तेल आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। इसका असर आने वाले समय में ईंधन और गैस की कीमतों पर भी पड़ सकता है।