‘मुस्लिम आकर बस्ते गए और हमारी जमीनें कब्जा लीं’: छत्तीसगढ़ में जनजातियों की 50 एकड़ जमीन पर कट्टरपंथियों ने किया कब्जा, अब जान से मारने की भी दे रहे धमकी

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में विशेष संरक्षित जनजाति पंडो की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। मामला लखनपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत मांजा के राजाकटेल मोहल्ले का है, जहाँ पंडो जनजाति के ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि उनकी करीब 50 एकड़ पैतृक भूमि पर मुस्लिमों ने कब्जा कर लिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि वे कई पीढ़ियों से इस जमीन पर रह रहे हैं लेकिन पिछले कुछ वर्षों में यहाँ बड़ी संख्या में मुस्लिम आकर बस गए और धीरे-धीरे जमीन पर अपना दावा करने लगे। आरोप है कि कुछ लोगों ने छलपूर्वक पंडो समाज के लोगों से दस्तावेजों पर अंगूठा लगवाकर जमीन अपने नाम दर्ज करवा ली।

इसके बाद उन्होंने अपने रिश्तेदारों को भी बुलाकर बसाना शुरू कर दिया, जिससे अब वहाँ लगभग 80 से 90 परिवार रह रहे हैं। पंडो जनजाति के लोगों ने आरोप लगाया है कि जब वे अपनी जमीन वापस लेने या कब्जा हटाने की बात करते हैं तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती है।

ग्रामीणों ने जमील अहमद, शकील अहमद, समीम, गुलबहार अहमद, नसीम, खुर्शीद, कबीर, असलम, मोहम्मद जमील, बाबर और मोहताब सहित कई लोगों पर जमीन पर कब्जा करने और उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक को भी आवेदन देकर FIR दर्ज करने की माँग की है।

मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर उदयपुर SDM के न्यायालय में छत्तीसगढ़ भूमि राजस्व संहिता की धारा 170-बी के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और कब्जाधारियों को नोटिस जारी किया गया है।