दिल्ली में होली पर हिंदू युवक की हत्या की FIR में जोड़ी गई SC/ST एक्ट की धारा, CM रेखा बोलीं- दरिंदगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी

दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन 26 वर्षीय युवक तरुण कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में दर्ज FIR में अब एससी/एसटी एक्ट की धाराएँ भी जोड़ दी गई हैं। शुरुआत में पुलिस ने इस मामले को गैर-इरादतन हत्या के प्रयास के तहत दर्ज किया था लेकिन युवक की मौत के बाद इसमें हत्या की धारा भी शामिल कर दी गई।

दरअसल, होली के दिन एक बच्ची द्वारा फेंके गए गुब्बारे का थोड़ा पानी एक मुस्लिम महिला पर गिर गया था जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग सड़क पर इकट्ठा हो गए। इसमें मुस्लिम पक्ष ने तरुण कुमार की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी और तरुण पर भारी पत्थर से वार किया गया था।

द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि इस मामले में अब तक 7 आरोपितों को पकड़ लिया गया है जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान निजामुद्दीन के बेटे उमरदीन, जुम्मादीन, कमरुद्दीन, उमरदीन के बेटे मुजफ्फर, मुस्ताक और ताहिर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार घटना की रात चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था जबकि बाद में नाबालिग समेत तीन अन्य लोगों को भी हिरासत में ले लिया गया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दी कड़ी प्रतिक्रिया

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मामले में कड़ी प्रतिक्रिया दी है। रेखा गुप्ता ने X पर एक पोस्ट में लिखा, “होली के पावन पर्व पर दिल्ली के उत्तम नगर में एक मासूम युवा की जघन्य हत्या की यह घटना अत्यंत दर्दनाक, निंदनीय और पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। दिल्ली में इस प्रकार की जघन्य आपराधिक और हिंसक घटनाओं के लिए शून्य सहनशीलता की नीति है। इस तरह की दरिंदगी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

उन्होंने आगे लिखा, “प्रशासन को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए गए हैं कि इस अपराध में शामिल सभी दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोरतम और शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस मामले में सख़्त और उदाहरणात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी अमानवीय घटना करने का दुस्साहस न कर सके।”

CM रेखा ने लिखा, “इस कठिन समय में दिल्ली सरकार पूरी संवेदना, जिम्मेदारी और दृढ़ता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। मैं परिवार को हर संभव सहायता और न्याय दिलवाने के लिए कार्रवाई करुँगी।”