मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक युवक ने फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान दीपक गुर्जर के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें युवक ने अपनी मुस्लिम प्रेमिका पर धोखा देने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार (7 मार्च 2026) की सुबह दीपक की माँ ने घर की रेलिंग पर बेटे का शव लटका देखा। उसने तुरंत पड़ोसियों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि दीपक ने अपनी माँ की साड़ी का फंदा बनाकर फाँसी लगाई थी। पुलिस को उसकी पैंट की जेब से एक पर्स मिला, जिसमें डायरी के पन्ने पर लिखा सुसाइड नोट रखा था।
सुसाइड नोट में दीपक ने लिखा कि वह कई सालों से माही नाम की युवती के साथ रिश्ते में था और दोनों शादी करना चाहते थे। लेकिन हाल के दिनों में युवती ने शादी से इनकार कर दिया और उसे धमकी देने लगी कि वह रेप केस में फँसा देगी। युवक ने यह भी लिखा कि युवती किसी दूसरे लड़के से बात करती है और उसे गुमराह कर रही है।
दीपक फेब्रिकेशन का काम करता था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर हैंडराइटिंग जाँच के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जाँच जारी है।

