पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता त्रिलोकेश ढाली पर गोलीबारी: बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने पेट में मारी दो गोलियाँ, हालत गंभीर

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में बुधवार (11 मार्च 2026) को भाजपा के एक स्थानीय नेता को गोली मारी गई है। इस हमले में भाजपा नेता त्रिलोकेश ढाली गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने सागर द्वीप इलाके में ढाली के पेट में दो गोलियाँ मार दीं और मौके से फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक यह घटना गंगासागर तटीय थाने के अंतर्गत गंगासागर बस टर्मिनस और श्रीधाम बस टर्मिनस के बीच हुई। गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से त्रिलोकेश ढाली को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।

उनकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश के लिए जाँच शुरू कर दी है। फिलहाल घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।