इजरायल का ईरान पर बड़ा हमला, तेहरान की न्यूक्लियर लैब्स को बनाया निशाना: कई ठिकानों पर हमले की खबर, इलाके में बढ़ा तनाव

ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जारी जंग लगातार गंभीर होती जा रही है। इजरायल की वायुसेना ने तेहरान क्षेत्र में ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ीं कई लैब्स पर हमला किया है। ये वही लैब्स थीं जिन पर पिछले साल जून में हुई 12 दिन की जंग के दौरान भी हमला किया गया था।

इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रात में हुए हमलों में तेहरान की उन वैज्ञानिक और अनुसंधान सुविधाओं को निशाना बनाया गया जो ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी मानी जाती हैं।

Channel 12 की रिपोर्ट में इजरायली सूत्रों के हवाले से बताया गया कि 10 मार्च की रात हुए ये हमले ईरान के न्यूक्लियर डेवलपमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर और राजधानी में मौजूद अहम रिसर्च केंद्रों को नुकसान पहुँचाने के मकसद से किए गए थे।

हालाँकि, ईरानी अधिकारियों की ओर से अभी तक इन हमलों को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हमलों में कितनी क्षति हुई, कितने लोग प्रभावित हुए या किन-किन सुविधाओं को निशाना बनाया गया है, इस बारे में अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ संयुक्त सैन्य अभियान शुरू हुए करीब दस दिन हो चुके हैं। क्षेत्र में मिसाइल हमलों और रणनीतिक ठिकानों पर हमलों का सिलसिला जारी है, जिससे खाड़ी क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। विश्लेषकों का मानना है कि यदि हालात इसी तरह बने रहे तो यह संघर्ष पूरे खाड़ी क्षेत्र में फैल सकता है।