पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेगा रैली से ठीक पहले शनिवार (14 मार्च 2026) को भारी हिंसा भड़क उठी। ब्रिगेड परेड ग्राउंड से महज 5 किलोमीटर दूर गिरीश पार्क इलाके में BJP और TMC के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस झड़प में एक पुलिस अधिकारी और एक बीजेपी नेता घायल हो गए हैं। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
रैली में जा रहे कार्यकर्ताओं पर पथराव
यह झड़प उस समय शुरू हुई जब BJP समर्थक ‘परिवर्तन यात्रा’ के समापन और पीएम मोदी की रैली में शामिल होने के लिए नारे लगाते हुए जा रहे थे। बीजेपी का आरोप है कि TMC समर्थकों ने अचानक उन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके जवाब में दोनों गुटों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले, जिससे कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। हमले के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
दूसरी तरफ, TMC ने BJP पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बंगाल की मंत्री शशि पांजा के घर पर पथराव किया, जिसके बाद विवाद बढ़ा। पुलिस के मुताबिक, करीब आधे घंटे तक चले इस हंगामे के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। फिलहाल पुलिस स्थिति को नियंत्रण में बता रही है, लेकिन चुनावी माहौल और PM की रैली के कारण पूरे शहर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

