ओडिशा में जनजातीय समाज के 136 लोगों ने की घर वापसी, BJP नेता ने पैर पखारकर सनातन में किया स्वागत

ओडिशा के कालाहांडी जिले के दूरस्थ वन क्षेत्र में स्थित वीरीमुहन गाँव में एक महत्वपूर्ण धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान धर्म जागरण समन्वय विभाग के नेतृत्व में 136 लोगों की ‘घर वापसी’ कराई गई। इन सभी लोगों को विधि-विधान, मंत्रोच्चारण और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ दोबारा सनातन में शामिल किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि BJP नेता प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने स्वयं इन लोगों के पैर पखारकर इस प्रक्रिया को संपन्न कराया। अपने संबोधन में उन्होंने स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वामी जी ने ओडिशा के कंधमाल क्षेत्र में जनजातीय समाज को पुनः अपने मूल धर्म से जोड़ने के लिए बड़ा काम किया था, लेकिन वर्ष 2008 में उनकी हत्या कर दी गई थी।

इस अवसर पर पूज्य स्वामी जनकानन्द गिरी जी महराज, गुरुकुल आश्रम आमसेना के सन्यासी कुंजदेव मनीषी, धर्म जागरण के क्षेत्र प्रमुख विनय कुमार भुइयां, ओडिशा प्रांत प्रमुख वीर विक्रम आचार्य, कालाहांडी जिला प्रमुख संतोष कुमार पांडा, बलांगीर जिला संयोजक प्रकाश चन्द्र ठाकुर एवं समस्य गणमान्य जन मौजूद रहे।

बता दें कि कालाहांडी क्षेत्र लंबे समय से धर्म परिवर्तन की घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा है। स्थानीय जनजातीय समाज की आर्थिक और सामाजिक कमजोरी का फायदा उठाकर बाहरी तत्वों द्वारा मतांतरण कराए जाने की बात कही जाती रही है। ऐसे में इस तरह का आयोजन क्षेत्र में विशेष महत्व रखता है।